भाजपा नेता तजिंदर बग्गा दिल्ली में गिरफ्तार, पिता ने लगाएं पुलिस पर आरोप

आरयू वेब टीम। पंजाब पुलिस ने भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें पश्चिमी दिल्ली स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया। बग्गा के आवास पहुंचने से पहले पंजाब पुलिस ने जनकपुरी थाने में इसकी सूचना दी थी। पिछले महीने पंजाब में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची थी, लेकिन तब बग्गा घर पर नहीं मिले थे। हालांकि, बग्गा ने सफाई देते हुए कहा था कि उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव बग्गा के खिलाफ आम आदमी पार्टी नेता सन्नी सिंह ने शिकायत की थी। उनकी शिकायत पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में एफआइआर दर्ज की गई थी। इसमें आरोप लगाया गया है कि बग्गा ने भड़काऊ बयान दिए, अफवाह फैलाई और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया। बग्गा पर 30 मार्च को एक प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को धमकी देने का भी आरोप है।

भाजपा नेता के पिता प्रीतपाल सिंह बग्गा ने कहा कि आज सुबह पंजाब पुलिस के 10-15 उनके घर आए और तजिंदर को घसीटकर बाहर ले गए। जब उन्होंने इसकी रिकॉर्डिंग करने के लिए मोबाइल उठाया तो पुलिस उन्हें दूसरे कमरे में ले गई और मुंह पर मुक्का मारा। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस ने उन्हें बताया कि तजिंदर ने अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी है। दिल्ली पुलिस को इस मामले की कोई जानकारी नहीं है।

यह भी पढ़ें- CM केजरीवाल के आवास पर हमले के विरोध में AAP ने लखनऊ में किया प्रदर्शन, लगाएं भाजपा मुर्दाबाद के नारे, ले गई पुलिस

तजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी की भाजपा ने कड़ी आलोचना की है। पार्टी प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने ट्विटर पर लिखा कि संवैधानिक व्यवस्था में यकीन रखने वाला दिल्ली का हर नागरिक अरविंद केजरीवाल द्वारा तजिंदर सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस का दुरुपयोग कर गिरफ्तार कराए जाने का विरोध करता है।वहीं कपिल मिश्रा ने दावा किया कि पुलिस के 50 जवान बग्गा को उनके घर से गिरफ्तार कर ले गए हैं।

यह भी पढ़ें- केजरीवाल का दावा, पंजाब चुनाव से पहले ED कर सकती है सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार