आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी के नए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने बुधवार को कार्यभार संभालते ही शहर की कानून-व्यवस्था पर अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया है। साथ ही विशेष रूप से साइबर क्राइम और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार पर जोर देने की बात कही है।
पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिस लाइन में आयोजित अपनी पहली प्रेसवार्ता में शहर की कानून-व्यवस्था को सुधारना अपनी प्राथमिकता बताई। साथ ही कहा कि मौजूदा समय में साइबर क्राइम सबसे बड़ी चुनौती है। जबकि ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और मॉडर्न टेक्नोलॉजी के बेहतर इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया जाएगा। आगे कहा कि राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। ट्रैफिक की समस्या कम करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित इकाइयों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा।
पुलिसिंग को भी आधुनिक बनाना जरूरी
मीडिया से बात करते हुए तरुण गाबा ने कहा कि साइबर अपराध तेजी से बदलती चुनौती है। इसे देखते हुए तकनीकी जांच को और मजबूत किया जाएगा तथा साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों को साइबर ठगी से बचाने के लिए जागरूकता पर भी जोर दिया जाएगा। साथ ही कहा कि बदलते समय के साथ पुलिसिंग को भी आधुनिक बनाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से मॉडर्न टेक्नोलॉजी का अधिक इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि अपराध नियंत्रण, जांच और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।
जनता-पुलिस के बीच बेहतर संवाद
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित किया जाएगा तथा शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रभावी की जाएगी जनसुनवाई व्यवस्था
उन्होंने कहा कि शासन और डीजीपी मुख्यालय की प्राथमिकताओं के अनुरूप संगठित अपराध, महिला अपराध और मिशन शक्ति अभियान पर विशेष फोकस रहेगा। महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी किया जाएगा, जिससे लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।
