आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार हो रहीं हैं। इसके बाद भी स्थानीय पुलिस इसपर लगाम लगाने में पूरी तरह फेल है। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि वह पुलिस के सामने भी चोरी करने से नहीं डर रहें। ऐसा ही एक हैरान करने वाली घटना बुद्धेश्वर महादेव मंदिर से सामने आयी है। यहां शातिर युवती गर्भगृह में दर्शन कर रही महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र दांत से ही काट ले गयी, घटना के समय युवती के सामने ही पुलिस का जवान भी खड़ा था, लेकिन वह युवती को रोक नहीं सका। पुलिस की लापरवाही और उसकी सक्रियता की पोल खोलने वाली यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गयी है। इसका वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि जानकीपुरम निवासी आशुतोष पांडेय एचडीएफसी बैंक में मैनेजर है। वह अपनी पत्नी ममता पांडेय के साथ बुद्धेश्वर महादेव मंदिर गये थे। पत्नी गर्भगृह में दर्शन ही कर रही थीं कि तभी भीड़ का फायदा उठाकर पीछे से एक युवती ने उनके गले में पहना हुआ पुश्तैनी सोने का मंगलसूत्र दांत से काटकर निकाल लिया। पत्नी को भनक लगती इससे पहले ही युवती वहां से अपने साथियों के साथ भाग निकली। युवती का फरार होने का वीडियो भी गेट पर लगे एक अन्य सीसीटीवी में कैद हुआ है।
यह भी पढ़ें- गोमतीनगर में युवक ने पत्नी व बहन की गोली मारकर हत्या के बाद खुद भी दी जान, मरने से पहले लगाया ये स्टेटस, मिले तीन असलहे
पुश्तैनी मंगलसूत्री चोरी होने की घटना से दुखी आशुतोष पांडेय ने कहा कि सबसे गंभीर बात यह है कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय गर्भगृह में पुलिसकर्मी भी मौजूद था। इसके बावजूद चोर इतनी बेखौफ होकर वारदात करने में सफल रहे। इससे मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह मंगलसूत्र पुश्तैनी था, यह उनकी दादी से मां को और मां से उनकी पत्नी को मिला था। साथ ही मंगलसूत्र किसी महिला के लिए मात्र सोने का आभूषण नहीं होता, बल्कि वह उसके सुहाग की निशानी और भावनाओं से जुड़ा होता है। विशेषकर पूजा-पाठ और पर्व-त्योहार के अवसर पर महिलाएं इसे उतारना नहीं चाहतीं। इसलिए पवित्र मंदिर में इस प्रकार मंगलसूत्र चोरी होना हमारे लिए बेहद पीड़ादायक है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार-
पुलिस के इकबाल और सक्रियता की पोल खोलने वाले इस मामले में लखनऊ पुलिस का कहना है कि प्रकरण में थाना पारा पर प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों से जांच की जा रही है। शीघ्र ही घटना का सफल अनावरण किया जायेगा। इंस्पेक्टर पारा ने बताया कि यह महिलाएं सीजनल चोर है मंदिर में भीड़ बढ़ने पर ही आती हैं, जल्द ही इनकी गिरफ्तारी की जायेगी।
पारा में लगातार हो रही चोरी
बताते चलें कि पारा क्षेत्र में यह कोई पहली चोरी की घटना नहीं है। कल ही इंदिरा नगर निवासी लक्ष्मी यादव की सोने की चेन भी तीन महिलाओं ने उस समय काट ली थीं, जब वह श्रृंगार नगर से पुराना पारा जाने के लिए ऑटो में बैठी थीं। हालांकि कुछ ही देर में घटना का पता लगते ही लक्ष्मी ने शोर मचाते हुए तीनों महिलाओं को ऑटो चालक व रहागीरों की सहायता से पकड़कर पारा पुलिस के हवाले कर दिया था। इन महिलाओं के पास से लक्ष्मी यादव की चेन भी बरामद हुई थीं। पुलिस ने लक्ष्मी की तहरीर पर मुकदमा लिखते हुए आज तीनों महिलाओं को जेल भेज दिया है।
दिनदहाड़े टूटा मेडिकल स्टोर का ताला
वहीं दो दिन पहले बुद्धेश्वर की पाल कॉलोनी निवासी गुड्डी गुप्ता के घर से 60 हजार कैश समेत लाखों रुपये के सोने व चांदी के गहने चोरों ने पार कर दिये थे। इसी क्रम में हाल ही में बुद्धेश्वर इलाके में ही स्थित आदित्य मेडिकल स्टोर का दिनदहाड़े ताला तोड़कर काउंटर से 60 हजार रुपये चोरों ने पार कर दिया था। यहां भी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थीं। चंद्रशेखर की तहरीर पर पुलिस घटना के छह दिन बाद यानि आज मुकदमा लिखा है। लगातार होती चोरी की घटनाएं पुलिस कि सक्रियता की पोल खोल रहीं हैं।




















