ठंड और कोहरे से थमी जिदंगी की रफ्तार, नहीं दिख रहे राहत के आसार

कोहरे से थमी रफ्तार

आरयू वेब टीम। उत्तर भारत समेत देश भर के कई राज्यों में सर्दी व कोहरे ने जिंदगी की रफ्तार को प्रभावित कर दिया है। लोगों को कोहरे से खासा दिक्‍कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं राजधानी दिल्ली में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

भारतीय मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि रविवार सुबह दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, असम और मेघालय कोहरे की चादर में लिपटे नजर आए। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी बेहद कम रही। मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर भारत के राज्यों में राहत के कोई आसार नहीं हैं।

कश्मीर के कई इलाकों में शनिवार को न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई, जिससे घाटी में सर्दी का प्रकोप और बढ़ गया है। इसकी वजह से प्रसिद्ध डल झील के साथ-साथ कई इलाकों में पानी के स्रोत जम गए हैं।

यह भी पढ़ें- मौसम विभाग ने जारी किया UP के इन सात जिलों में शीतलहर का अलर्ट, पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाएं बढ़ाऐंगी गलन

श्रीनगर सहित घाटी के कई इलाकों में शनिवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घट गई। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि गत रात न्यूनतम तापमान में और गिरावट एवं उसके शून्य से भी कई डिग्री सेल्सियस नीचे चले जाने से शीत लहर का प्रकोप और बढ़ गया है।

उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 नीचे दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री से अधिक नीचे दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में कड़ाके की ठंड व कोहरे ने बढ़ाई लोगों कि मुश्किलें, पांच डिग्री से नीचे पहुंचा पारा