दिल्ली में कड़ाके की ठंड व कोहरे ने बढ़ाई लोगों कि मुश्किलें, पांच डिग्री से नीचे पहुंचा पारा

मौसम विभाग

आरयू वेब टीम। ठंड ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है, जिसका पूरा उत्तर भारत सामना कर रहा। उत्तर प्रदेश पंजाब, हरियाणा, राजस्थान सहित देश की राजधानी दिल्ली के आसपास के इलाकों में घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें और भी बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार सोमवार और मंगलवार की दर्मियानी रात दिल्ली का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से भी नीचे गिर गया। सफदरजंग में 4.3 दर्ज किया गया।

वहीं दिल्ली के ही लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान चार​ डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग की मानें तो इस हफ्ते मौसम की मार और तेज हो सकती है और तापमान में और भी गिरावट आ सकती है। दिल्ली के अलावा अन्य मैदानी इलाकों की बात करें तो मौसम विभाग ने राजस्थान के लिए यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि पंजाब और हरियाणा भी कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना है और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। राजस्थान में शीत लहर जारी है और पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें- ठंड के बीच दिल्ली-NCR में हल्की बारिश, मौसम विभाग ने की तीन से पांच जनवरी तक आंधी-तूफान की भविष्यवाणी

वहीं कश्मीर के श्रीनगर में तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो कि पिछले रात शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे से ज्यादा है। घाटी में लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है, क्योंकि ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। यह घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं हिमाचल प्रदेश के केलोंग और कल्पा में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। केलोंग शून्य से 10.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।

यह भी पढ़ें- ठंड ने तोड़ा दिल्‍ली में दस साल का रिकॉर्ड, तीन डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का पारा