ठंड ने तोड़ा दिल्‍ली में दस साल का रिकॉर्ड, तीन डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का पारा

लुढ़का पारा

आरयू वेब टीम। लगातार ठंड अपने तेवर कड़े करती जा रही है। देश के उत्तरी क्षेत्र में शुक्रवार को प्रचंड शीत लहर जारी है जिससे ठंड लगातार बढ़ रही है। देश की राजधानी दिल्ली में सर्दी के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं। यहां पर पिछले दस सालों में सबसे भयंकर सर्दी पड़ रही है। दिल्ली में रात या सुबह ही नहीं, बल्कि दिन का तापमान भी गिर रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सिय दर्ज किया गया जो इस सीजन का अबतक का सबसे कम तापमान है। वहीं मौसम विभाग ने चेतावनी भी दी है कि दिल्ली पर ठंड का टॉर्चर तो अभी बस शुरू ही हुआ है। दिसंबर में दिल्ली में दिन में भी जबरदस्त ठंड होगी और शीतलहर चलेगी।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार ‘ठंडा दिन’ रहा जहां अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई और अब शीत लहर के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है। आईएमडी मैदानी इलाकों के लिए शीत लहर की घोषणा तब करता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे हो और लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम हो।

यह भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश में एक के बाद लगे भूकंप के तीन झटके, कड़ाके की ठंड में बिस्तर से निकलकर भागे लोग

उन्होंने कहा,‘‘दिल्ली जैसे छोटे इलाके के लिए शीतलहर की घोषण तब भी की जा सकती है जब उक्त स्थितियां एक दिन के लिए भी बन जाएं।’’ शहर की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश में केलांग, मनाली और कल्पा में पिछले 24 घंटों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किए जाने के साथ शीत लहर की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पहाड़ी राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की कमी आई है।

मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना रहा। पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप शुरु हो गया है और बृहस्पतिवार को पारा सामान्य से नीचे चला गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में अंबाला, हिसार, करनाल, भिवानी, रोहतक और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.4 डिग्री, 4.2 डिग्री, 4.9 डिग्री, 4.8 डिग्री, 4.4 डिग्री और 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पंजाब में अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री जबकि लुधियाना में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला में न्यूनतम तापमान 5.8, आदमपुर में 6.6 डिग्री, हलवाड़ा में छह डिग्री और बठिंडा में पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- पहाड़ों पर बर्फबारी ने बढ़ा दिया ठंड व कोहरा, दिल्ली में पारा 8.4 डिग्री