हिमाचल प्रदेश में एक के बाद लगे भूकंप के तीन झटके, कड़ाके की ठंड में बिस्तर से निकलकर भागे लोग

मंडी में भूकंप
प्रतीकात्मक फोटो।

आरयू वेब टीम। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बीती रात एक के बाद एक तीन झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.2 आंकी गई है। भूकंप के झटके मंडी शहर में ज्यादा महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र मंडी शहर के आसपास था, लेकिन भूकंप के झटके कांगड़ा, कुल्‍लू व बिलासपुर जिला में भी महसूस किए गए हैं।

शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने स्थानीय मीडिया को बताया कि भूकंप के झटके दो बजकर सात मिनट पर महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र मंडी से 13 किमी दक्षिण पश्चिम में पांच किलोमीटर की गहराई में था। उन्होंने बताया कि निकटवर्ती इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।

यह भी पढ़ें- उत्‍तराखंड के हरिद्वार में महसूस किए गए भूकंप के झटके, घरों से निकले लोगों में दहशत का माहौल

लोग डर कर कड़ाके की ठंड में अपने घरों से बाहर निकल आए व सुरक्षित स्थान पर आकर खड़े हो गए। काफी देर तक लोग घर में नहीं गए। लगातार तीन झटके महसूस होने से लोगों में दोबारा भूकंप आने की दहशत रही। लोगों ने रात को अपने रिश्‍तेदारों व जान पहचान के लोगों से फोन पर बात कर हाल जाना।

भूकंप के झटकों से जानमाल के नुकसान की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने राजस्व विभाग से रिपोर्ट मांगी है। भूकंप की दृष्टि से मंडी व कांगड़ा जिला अतिसंवेदनशील हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश में फिर आया भूकंप, घरों से बाहर निकले लोग