पहाड़ों पर बर्फबारी ने बढ़ा दिया ठंड व कोहरा, दिल्ली में पारा 8.4 डिग्री

पहाड़ों पर बर्फबारी

आरयू वेब टीम। देश के उत्तरी इलाकों में बीती रात हुई बर्फबारी के कारण जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में पारा शून्य के नीचे चला गया है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से ठंड बढ गई है। जिससे देश की राजधानी दिल्ली में भी पारा लगातार गिर रहा है। सोमवार को भी दिल्ली में ठंड देखी गई। दिल्ली में ठंडी हवाओं के साथ ही सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सोमवार को दिल्ली का तापमान ठंडा रहा, सुबह दिल्ली में कोहरा भी देखने को मिला। मौसम विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे था।

इसके अलावा न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है, क्योंकि बर्फीले पश्चिमी हिमालय से मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। इसके अलावा दिल्ली के कई हिस्सों में सोमवार को घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो गई है, जिसके कारण यातायात पर भी काफी असर देखने को मिला। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में आने वाले दिनों में पारा ओर भी ज्यादा गिर सकता है।

अगले 24 घंटों तक पहाड़ों पर जारी रहेगी बारिश

अब उत्तर भारत के मैदानी शहरों को लोगों को अगले दो-तीन दिन कड़ाकें की ठंड़ के लिए तैयार रहना होगा, जिसके चलते पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, और मध्य प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। वहीं मुंबई सहित महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश में बारिश जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ समेत यूपी के कई शहरों में आज छाया रहा सीजन का सबसे घना कोहरा

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 36 घंटों के दौरान अभी कई राज्‍यों, शहरों में बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग आइएमडी के अनुसार, 13 से 15 दिसंबर के दौरान उत्तर प्रदेश में अलग-थलग इलाकों में बहुत घना कोहरा छा सकता है। अगले चार से पांच दिनों के दौरान मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और 13 से 15 दिसंबर, 2020 के दौरान विदर्भ और छत्तीसगढ़ में छिटपुट बारिश/गरज के साथ छिटपुट बौछारें पड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन-चार घंटों के दौरान मुंबई में लगातार हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। मुंबई के मौसम विभाग के डीडीजी केएस होसालिकर ने कहा, ‘मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, पालघर और रायगढ़ में मध्यम बारिश होगी। ताजा उपग्रह तस्वारें उत्तर कोंकण क्षेत्र पर बादल होने का संकेत देती हैं। अगले तीन-चार घंटों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है।’

यह भी पढ़ें- राजधानी में फिर बढ़ रहा प्रदूषण, ज्यादातर इलाकों में AQI 300 के पार