हजारों करोड़ के घोटाले के लिए शुरू हुई मेट्रो और एक्‍सप्रेस-वे: केशव मौर्या

केशव मौर्या

आरयू ब्‍यूरो

लखनऊ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने नोटबंदी का पक्ष लेते हुए कहा कि गरीबी मिटाने और कालाधन के खिलाफ प्रधानमंत्री के नोटबंदी के फैसले के बाद देश में मोदी लहर और तेज हो गई है।

अन्‍य प्रदेशों में हुए चुनावों में भाजपा लगातार बहुमत से जीत रही है। महाराष्ट्र के 10 महानगर पालिकाओं और 25 जिला परिषदों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करते हुए ऐतिहासिक जीत और ओडिशा के पंचायत चुनावों में कमल खिलना स्पष्ट संकेत करता है कि यूपी की जनता भी मोदी और भाजपा के भरोसे को और मजबूत करेगी। दूसरी ओर भाजपा 25 फरवरी को सम्पूर्ण प्रदेश में ओडिशा और महाराष्ट्र में प्रचंड जीत पर विजय दिवस मनाने जा रही है।

एक बयान  में प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि राजधानी के जिस मेट्रो और एक्सप्रेस हाइवे का मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ढोल पीट रहे हैं, वह भी विकास के लिए नहीं, बल्कि मेट्रो में 200 करोड़ और एक्सप्रेस वे में 7-8 हजार करोड़ के घोटाले के लिए शुरू किया गया।

अखिलेश यादव के पास इस बात का जवाब नहीं है कि मेट्रो में प्रति किलोमीटर एक अरब रूपया ज्यादा खर्च क्यों तय किया गया, जबकि केंद्र सरकार द्वारा अन्य राज्यों में लखनऊ मेट्रो से कई गुना कम लागत में मेट्रो परियोजना को मंजूरी दी गई।

उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने 15 हजार करोड़ रूपए में 1243 किलोमीटर के विश्वस्तरीय राष्ट्रीय राजमार्ग बना रही है, जबकि अखिलेश के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस के लगभग 300 किलोमीटर की लागत 22 हजार करोड़ से ज्यादा आई। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वें की लागत में इतनी बढ़ोत्तरी भ्रष्टाचार का संकेत है।

अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्‍होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में ’कारनामों के शहजादे’ का ’भ्रष्टाचार के युवराज’ से गठबंधन जनता को धोखा देने के लिए ठगबंधन है। जनता ने तो पहले ही कांग्रेस को गंभीरता से लेना छोड़ दिया है।

अपराध व भ्रष्टाचार के सपा-कांग्रेस गठबंधन के खिलाफ जनता का जबरदस्त गुस्सा देखकर अखिलेश जी को यह नाटक फ्लाप दिखने लगा हैं। इसलिए वे अब इसे मजबूरी में किया गया गठबंधन बता रहे हैं।

कानून-व्‍यवस्‍था पर निशाना साधते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि प्रदेश में रोज बलात्कार, हत्या, अपहरण, लूट, व्यापारियों से उगाही से जनता त्रस्‍त है। अखिलेश यादव महिलाओं की आबरू लूटने वाले मंत्रियों और सपा नेताओं के लिए बेशर्मी से वोट मांग रहे हैं और मर्यादा छोड़कर गरिमामय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे है।

उन्होंने कहा कि जनता सपा और अखिलेश की असलियत जान गयी है। इस चुनाव में जाति, धर्म के आधार पर प्रदेश की जनता के साथ भेदभाव और अत्याचार करने वाले अखिलेश यादव और बहन मायावती को जनता हमेशा के लिए घर बिठाने जा रही है। उत्तर प्रदेश की जनता ने गुण्डाराज और भ्रष्टाचार से मुक्ति के लिये प्रदेश को सपा-बसपा मुक्त बनाने का संकल्प लिया है।