आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा 2025 को लेकर जरूरी सूचना जारी की है। जारी सूचना के मुताबिक, राजस्व परिषद के अधीन लेखपाल के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा 21 मई को सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।
यूपीएसएसएससी द्वारा जारी सूचना के मुताबिक ये परीक्षा प्रदेश के 44 जिलों में आयोजित की जाएगी। यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने शार्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के जिले की अग्रिम सूचना आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी है। अभ्यर्थी होमपेज पर मौजूद आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर ‘परीक्षा सेक्शन’ में जाकर अपनी डिटेल्स भरकर परीक्षा जिला आसानी से देख और डाउनलोड कर सकते हैं। यह सुविधा आयोग के आधिकारिक मोबाइल एप्लिकेशन पर भी उपलब्ध है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभी केवल परीक्षा जिले की सूचना ही जारी की गई है। मुख्य परीक्षा का प्रवेश पत्र बाद में अलग से वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। परीक्षा हॉल में प्रवेश के लिए वैध प्रवेश पत्र लाना अनिवार्य होगा। जिन अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा का शुल्क जमा नहीं किया है, वे परीक्षा जिले की सूचना और प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं कर सकेंगे। यूपीएसएसएससी ने सभी शार्टलिस्ट अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपना परीक्षा जिला जांच लें और परीक्षा केंद्र के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त कर लें। परीक्षा केंद्र पर पहुंचने का समय, दिशा-निर्देश और अन्य जरूरी गाइडलाइंस भी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 7,994 पद भरे जाएंगे। ये परीक्षा 21 मई 2026 को ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। यूपीएसएसएससी ने साफ किया है कि जिलों की सूची केवल परीक्षा शहर और परीक्षा समय की जानकारी देने के लिए जारी की गई है। यह एडमिट कार्ड नहीं है और इसके आधार पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। एडमिट कार्ड परीक्षा से करीब चार से पांच दिन पहले जारी किया जाएगा।
लेखपाल भर्ती की प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा (पीईटी) 2025 की मेरिट के आधार पर लिखित परीक्षा के लिए 3.67 लाख अभ्यर्थी शॉर्ट लिस्ट किए गए हैं। इस तरह एक पद के लिए 46 दावेदार होंगे। आयोग ने लिखित परीक्षा के लिए पाठ्यक्रम भी जारी किया है। मुख्य परीक्षा सौ नंबर की होगी। परीक्षा के लिए दो घंटे का समय निर्धारित है। यह परीक्षा बहुविकल्पीय सवालों पर आधारित परीक्षा होगी। इसमें गणित की जगह डाटा इंटरप्रिटेशन को शामिल किया गया है। इससे जुड़े लगभग दस सवाल होंगे। कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी को भी सिलेबस में शामिल किया गया है, यह पहले नहीं था। परीक्षा में माइनस मार्किंग भी होगी।




















