आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भीषण गर्मी और लू, धूप की मार झेल रहे यूपीवासियों के लिए अच्छी खबर है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश को 28 मई से इस आग उगलती गर्मी से बड़ी राहत मिलने वाली है, हालांकि अगले 48 घंटे यानी 28 मई तक राज्य के कई हिस्सों में भीषण लू का कहर जारी रहेगा। इसके बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा।
मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के कारण गर्ज चमक के साथ झमाझम बारिश, ओलावृष्टि और 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में आने वाले इस बदलाव से पारे पर अचानक ब्रेक लगेगा और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
वहीं इस राहत से पहले मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रयागराज और बुंदेलखंड के इलाकों में लू सबसे ज्यादा परेशान करेगी। जिसके लिए प्रयागराज, कौशांबी, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, झांसी, महोबा और हमीरपुर जैसे जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके बाद, 28 और 29 मई के दौरान राजधानी लखनऊ समेत आस-पास के इलाकों में मौसम यू-टर्न लेगा, जहां 40 से 60 किमी/घंटे की गति से तेज हवाएं चलेंगी। अच्छी बात ये है कि मानसूनी हलचल पूर्वी उत्तर प्रदेश, अवध और तराई बेल्ट को पूरी तरह सराबोर करेगी।
यह भी पढ़ें- मौसम विभाग का अनुमान, यूपी के तापमान में आएगी गिरावट
इसके तहत देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, अमेठी और सुल्तानपुर में बादलों के कड़े पहरे के बीच गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का प्रबल अनुमान है।
इस दौरान मौसम विभाग ने आंधी-तूफान के दौरान आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की आशंका को देखते हुए नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सख्त हिदायत दी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब मौसम खराब हो, तो किसी भी अनहोनी या हादसे से बचने के लिए खुले मैदानों में जाने या बड़े पेड़ों के नीचे आश्रय लेने से पूरी तरह बचें।



















