यूपी में दो दिन बाद फिर होगी बारिश, लखनऊ में दिखी कोहरे जैसी धुंध

लखनऊ में धुंध

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में अब दो दिन बाद यानी 21 सितंबर से फिर बारिश हो सकती है। आज से तीन दिन तक मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि एक्सपर्ट का कहना है कि मानसून अभी लौटा नहीं है। अगले फेज में यानी 21 सितंबर के बाद तीन-चार दिन बारिश का एक दौर और आ सकता है।

उधर, लखनऊ में रविवार सुबह कोहरे जैसी धुंध देखने को मिली। सर्दी जैसे मौसम का अहसास हुआ। सुबह 6.30 बजे तक इतनी धुंध थी कि सौ मीटर से आगे पूरी तरह विजिबल नहीं रहा। सात बजे के बाद हल्की धूप निकली तो मौसम साफ हुआ। वहीं प्रदेश में बीते 24 घंटे में 15.1 मिलीमीटर औसत बारिश हुई। यह अनुमान से 202 प्रतिशत ज्यादा थी।

मानसून शुरू होने से अब तक 442.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। हालांकि, अनुमान था कि 703.1 मिलीमीटर बारिश होगी। यानी, ओवरऑल बारिश अभी बहुत कम हुई है। बारिश से औसत पारा 7°C गिरा, लगातार बारिश से पारे में भी गिरावट हुई है, जिससे सुबह ठंडक का अहसास हो रहा है।

प्रदेश में औसत तापमान 34°C से 27°C तक पहुंच गया। बारिश थमने से उमस ने एक बार फिर परेशान करना शुरू कर दिया है। बीते चार दिनों में प्रदेश में हुई बरसात का असर दिख रहा है। शनिवार-रविवार सुबह ठंडक महसूस हुई।

वहीं कृषि के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. रितेश शर्मा के अनुसार, वेस्ट यूपी की तुलना में पूर्वी यूपी के हिस्सों में अधिक बारिश हुई है। इस बारिश से धान की फसल को फायदा हुआ है। तीन दिन तक मौसम बदला हुआ रहा, जिससे तापमान धान के उपयुक्त रहा। जहां सिंचाई के साधनों की कमी है, वहां धान को बारिश से फायदा हुआ है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में मूसलाधार बारिश ने मचाया कोहराम, दीवार गिरने से तीन मासूम समेत झोपड़ी में सो रहे नौ लोगों की दर्दनाक मौत, दो भर्ती

इसके अलावा रविवार सुबह का तापमान 26°C और नमी 99 प्रतिशत तक रिकॉर्ड किया गया। वाराणसी का अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम तापमान 24.6°C दर्ज किया। वहीं, शुक्रवार को वाराणसी में अच्छी बारिश के संकेत मिल रहे हैं। आज दिन में दोपहर तक थोड़े बादल छा सकते हैं। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी में अब तूफानी बारिश की कोई उम्मीद नहीं है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में भारी बारिश को लेकर DM ने जारी की एडवाइजरी, बहुत जरूरी काम हो तभी निकलें घर से बाहर, जर्जर इमारतों से रहें दूर