आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन के बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने विशेष शिक्षकों के लिए आयोजित की जाने वाली विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा (Special TET) को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने स्पेशल टेट का विज्ञापन प्रकाशित कर दिया है। यह परीक्षा प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत शिक्षकों एवं विशेष शिक्षकों (CWSN) के लिए आयोजित की जा रही है। परीक्षा में निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले संबंधित विद्यालयों के शिक्षक शामिल हो सकेंगे।
अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने मंगलवार को बताया कि प्राथमिक स्तर पर उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालय, स्थानीय निकाय एवं जिन स्कूलों को राज्य सरकार/बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा समय-समय पर मान्यता/सम्बद्धता प्रदान की गई है, राज्य सरकार से सहायता प्राप्त विद्यालय तथा विशेष एजुकेटर्स प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) के शिक्षक पात्र होंगे।
इसी तरह उच्च प्राथमिक स्तर पर बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित स्कूलों, स्थानीय निकाय व मान्यता/सम्बद्ध विद्यालयों, राज्य सरकार से सहायता प्राप्त स्कूलों के अलावा विशेष एजुकेटर्स उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के शिक्षक पात्र होंगे।
यह भी पढ़ें- PGT-TET समेत अन्य परीक्षाओं की भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर होगी विधिक कार्रवाई: प्रशांत कुमार
शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार स्पेशल टेट के लिए विज्ञापन प्रकाशन की तिथि तीन सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। ऑनलाइन पंजीकरण/ओटीआर व आवेदन प्रक्रिया पांच सितंबर 2026 से शुरू हो गई है। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन फीस जमा करने की आखिरी तारीख चार अक्टूबर 2026, जबकि ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर निर्धारित है। परीक्षा तीन नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
फिर से पास करना जरूरी नहीं
पार्थ सारथी सेन शर्मा ने यह भी बताया कि ऐसे शिक्षक जिन्होंने पूर्व में TET या CTET परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, उनके लिए स्पेशल टेट परीक्षा को फिर से पास करना जरूरी नहीं है। वहीं, जिन अध्यापकों ने पूर्व में टीईटी या सीटीईटी परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है, उन्हें निर्धारित विज्ञापन के तहत पंजीकरण कर आवेदन करने और परीक्षा में भाग लेने के निर्देश दिए गए हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) के माध्यम से सभी संबंधित अध्यापकों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पात्र शिक्षक निर्धारित समय सीमा में अपना आवेदन पूरा कर सकें।




















