आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 में शामिल होने जा रहे बेसिक शिक्षा विभाग के सेवारत शिक्षकों के लिए एक राहत भरी खबर है। इन शिक्षकों को बड़ी सहूलियत देते हुए परीक्षा के दिन विशेष छुट्टी करने का आधिकारिक फैसला लिया गया है। इस महत्वपूर्ण फैसले के संबंध में उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव अवधेश कुमार तिवारी द्वारा शिक्षा निदेशक (बेसिक) को लिखित आदेश जारी कर दिया गया है।
जारी किए गए सरकारी आदेश के मुताबिक, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आगामी दो, तीन और चार जुलाई 2026 को यूपीटीईटी-2026 परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस परीक्षा में बेसिक शिक्षा विभाग के बड़ी संख्या में कार्यरत शिक्षक भी अपनी योग्यता बढ़ाने और उच्च पदों के लिए प्रतिभाग करने वाले हैं।
शिक्षकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए शासन स्तर पर विचार-विमर्श किया गया, जिसके बाद एग्जाम डेट के लिए ये विशेष छुट्टी प्रदान करने का फैसला हुआ। शासन ने शिक्षा निदेशक (बेसिक) को तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा, सचिव बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज और सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को अनुपालन के लिए भेज दी गई है।
यह भी पढ़ें- CBSE एग्जाम के बीच कई स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
दरअसल सुप्रीम कोर्ट के ‘अनिवार्य टेट’ के कड़े रुख के बाद उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षकों के सामने करियर का सबसे बड़ा संकट खड़ा हो गया है। दशकों से पढ़ा रहे शिक्षकों को अब नए अभ्यर्थियों के साथ परीक्षा हॉल में बैठना पड़ रहा है। ऐसे में परीक्षा की तैयारी और सेंटर तक पहुंचने के लिए छुट्टी मिलना एक बड़ी व्यावहारिक राहत है।


















