आरयू वेब टीम। लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है। पार्टी के प्रत्याशी संजीव अरोड़ा ने पहले ही राउंड से बढ़त बनाकर रखी, जो अंत तक बरकरार रही। कांग्रेस के भारत भूषण आशु दूसरे स्थान पर रहे, जबकि भाजपा के जीवन गुप्ता को तीसरे पायदान से संतोष करना पड़ा।
संजीव अरोड़ा को कुल 35,179 मत प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार आशु को 24,542 वोट मिले। भाजपा के जीवन गुप्ता को 20,323 मतों से संतोष करना पड़ा। शिरोमणि अकाली दल के प्रत्याशी परउपकार सिंह घुम्मण को मात्र 8,203 वोट प्राप्त हुए। 793 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।
इस उपचुनाव को आगामी विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल माना जा रहा था। आम आदमी पार्टी ने इसे गंभीरता से लेते हुए पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान को प्रचार की कमान सौंपी थी।
यह भी पढ़ें- राजधानी की झुग्गियों पर चला विकास प्राधिकरण का बुलडोजर, AAP ने कहा, भाजपा सरकार में उजाड़े जा रहे गरीबों के आशियाने
संजीव अरोड़ा की जीत के साथ ही राज्यसभा की एक सीट खाली हो गई है। इससे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के लिए राज्यसभा में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त हो गया है। राजनीतिक हलकों में अटकलें हैं कि इस खाली सीट पर अरविंद केजरीवाल या मनीष सिसोदिया को उच्च सदन भेजा जा सकता है।