#UPPCS2022 का रिजल्ट जारी, आगरा की दिव्या बनीं टॉपर, दूसरे स्थान पर लखनऊ की प्रतीक्षा का कब्जा

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस 2022 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। यूपी पीसीएस 2022 में अंतिम रूप से 364 कैंडिडेट्स का चयन हुआ है। आगरा की दिव्या सिकरवार ने यूपी पीसीएस 2022 में टॉप किया है। उन्होंने नंबर-1 रैंक हासिल की है, जबकि लखनऊ की प्रतीक्षा पांडेय ने दूसरे स्थान पर कब्जा किया है। बुलंदशहर की नम्रता सिंह तीसरे और उत्तराखंड की आकांक्षा गुप्ता चौथे स्थान पर रही हैं।

वहीं यूपी के अंबेडकर नगर जिले के कुमार गौरव पांचवें और लखनऊ की सल्तनत परवीन छठवें नंबर पर हैं। वहीं, मध्य प्रदेश की मोनिशा बानो ने सातवें नंबर पर जगह बनाई है। आगरा की ऐश्वर्या दुबे नौवें और गोंडा के संदीप कुमार तिवारी 10वें स्थान पर हैं। इस तरह टॉप टेन में से आठ महिलाएं हैं। आयोग ने यह भी दावा किया है कि यूपी पीसीएस 2022 भर्ती प्रक्रिया रिकॉर्ड दस महीने में पूरी की गई है। यूपी पीसीएस 2022 का रिजल्ट चेक करने के लिए ऑफिशियल वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in/ पर जाकर देख सकते हैं।

इंटरव्यू के लिए बुलाए गए 1071 कैंडिडेट

यूपीपीसीएस 2022 की मुख्य परीक्षा का परिणाम यूपी लोक सेवा आयोग ने नौ फरवरी 2023 को घोषित किया था। मुख्य परीक्षा के परिणाम के आधार पर 1071 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। इंटरव्यू के लिए सफल घोषित अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 20 फरवरी 2023 से 21 मार्च 2023 तक आयोजित किया गया था। इंटरव्यू में कुल 23 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे।

मालूम हो कि इस भर्ती में 30 अलग-अलग प्रकार के पद उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाअधीक्षक, खंड विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, वरिष्ठ प्रवक्ता डायट, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कमांडेंट होमगार्ड, कोषाधिकारी/लेखा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी श्रेणी एक, सहायक नगर आयुक्त, अधीक्षक कारागार, जिला कमांडेंट होमगार्ड, उपनिबंधक, नायब तहसीलदार आदि सम्मिलित है।

यह भी पढ़ें- इंतजार खत्म CBSE ने जारी किया CTET का रिजल्ट, यहां क्लिक कर करें चेक

सभी प्रकार के पदों की कुल संख्या 383 है। 30 प्रकार के पदों में तीन प्रकार के पदों का चयन का आधार केवल लिखित परीक्षा है। केवल लिखित परीक्षा के आधार पर चयन वाले पदों की कुल संख्या दस है। शेष 27 प्रकार के पदों का चयन का आधार लिखित परीक्षा और इंटरव्यू है। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर चयन होने वाले कुल 373 पद भर्ती में शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- जारी हुआ UPPSC PCS-2021 का परिणाम, प्रतापगढ़ के अतुल सिंह ने किया टॉप, उन्‍नाव की सौम्‍या मिश्रा को दूसरा स्‍थान