आरयू वेब टीम। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (73) को रविवार को एम्स दिल्ली के कार्डियक विभाग में भर्ती कराया गया है। जहां अब धनखड़ की हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें अब डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। उपराष्ट्रपति को देर रात को बेचैनी और सीने में दर्द हुआ था, इसी के बाद उन्हें आनन-फानन में एम्स में एडमिट कराया गया।
फिलहाल डॉक्टरों ने बताया है कि उपराष्ट्रपति हालत स्थिर है। उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में निगरानी में रखा गया है। धनखड़ का इलाज एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग के हेड डॉ. राजीव नारंग की निगरानी में चल रहा है। डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर करीब से नजर रख रही है। जगदीप धनखड़ के अस्पताल में भर्ती होने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा एम्स पहुंचे और धनखड़ की हेल्थ को लेकर जानकारी हासिल की।
गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति को इससे पहले भी साल 2021 में तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। साल 2021 में 25 अक्टूबर को उन्हें मलेरिया हुआ था, तभी उन्हें दोपहर तीन बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी के चलते एम्स के पुराने प्राइवेट वार्ड में उन्हें एडिमट किया गया था। उन्हें मेडिसिन विभाग के अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. नीरज निश्चल की देखरेख में रखा गया था। उस समय धनखड़ पश्चिम बंगाल के राज्यपाल की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
यह भी पढ़ें- लालकृष्ण आडवाणी की फिर बिगड़ी तबीयत, अपोलो अस्पताल में भर्ती
जगदीप धनखड़ भारत के 14वें उपराष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे पहले वो पश्चिम बंगाल के राज्यपाल भी रहे हैं। जगदीप धनखड़ का जन्म 18 मई 1951 में राजस्थान में हुआ था। धनखड़ ने अपने सियासी सफर की शुरुआत साल 1989 में की थी। उन्होंने झुंझुनू लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा था।