गोंगपा के पदाधिकारियों से मिलकर बोले अखिलेश, सामाजिक न्‍याय की विचारधारा के लिए प्रतिबद्ध है सपा

गोंगपा
गोंगपा के पदाधिकारियों के साथ अखिलेश यादव व राजेंद्र चौधरी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शनिवार गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के पदाधिकारियों तथा प्रमुख नेताओं ने मुलाकात करर सपा के साथ पूरा सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

आज इस बात की जानकारी देते हुए सपा के मुख्‍य प्रवक्‍ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि सपा मुख्‍यालय पर मुलाकात के दौरान गोंगपा ने कहा कि सपा भाजपा व कांग्रेस के राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी। गोंड प्रतिनिधियों का कहना था कि जनजातियों को वन अधिनियम के कारण तमाम तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उनका कई स्तरों पर उत्पीड़न होता है।

वहीं इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि हक और सम्मान की सामाजिक न्याय की विचारधारा के लिए सपा प्रतिबद्ध है। हम जनसंख्या के आधार पर जनगणना की मांग इसीलिए उठाते हैं, ताकि सही संख्या के अनुपात में लोगों को लाभ मिल सकें।

यह भी पढ़ें- नर्सिंग की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, छह लाइन के सुसाइड नोट में लिखा सॉरी मैं कायर हूं

उन्‍होंने आगे कहा कि जनजातियों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से कई समस्याओं का सामना करना पड़ता हैं। केंद्र और राज्य की सरकारों को उनके हित में जो कदम उठाने चाहिए नहीं उठाये जा रहे है। वन अधिनियम का सहारा लेकर नौकरशाही जनजातियों का बहुत उत्पीड़न करती है। सपा जनजातियों के हितों के संरक्षण के लिए उनके हर संघर्ष में साथ रहेगी।

अखिलेश यादव से मिलने वालों में गोंगपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरा सिंह मरकाम के बेले तुलेश्‍वर सिंह मरकाम और भतीजे श्याम सिंह मरकाम सहित प्रदेश अध्यक्ष रामनाथ गोंड, प्रदेश महासचिव महेंद्र कुमार ध्रुवे और मदन गोंड, रामनाथ गोंड, लोकबहादुर गोंड, घनश्याम गोंड, मुकेश गोंड तथा डॉ. बलराम गोंड शामिल थे। इस दौरान एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- डिप्‍टी CM के गंभीर आरोपों के बाद बचाव में सामने आया LDA का लेटर नंबर 420