प्रज्ञान रोवर ने खींची विक्रम लैंडर की फोटो को ISRO ने बताया, ‘इमेज ऑफ द मिशन’

विक्रम लैंडर
विक्रम लैंडर। (फोटो साभार ईसरो)

आरयू वेब टीम। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र (इसरो) ने आज चंद्रयान-3 मिशन की ताजा फोटो जारी की है। इसरो ने बताया कि विक्रम लैंडर से नीचे उतरने के बाद प्रज्ञान रोवर पूरी सटीकता से काम कर रहा है। अब रोवर ने लैंडर की तस्वीर खींची है, जिसे इसरो ने अपने एक्स हेंडल पर जारी की है। वहीं इसरो ने इसे ‘इमेज ऑफ मिशन’ करार दिया है।

इसरो ने बुधवार को एक्स पर फोटो पोस्ट कर कहा ‘स्माइल प्लीज‘। प्रज्ञान रोवर ने आज सुबह विक्रम लैंडर की तस्वीरें क्लिक की हैं। ये फोटो प्रज्ञान रोवर के नेविगेशन कैमरे द्वारा क्लिक की गई हैं। इसरो के मुताबिक, ये तस्वीरें 30 अगस्त को भारतीय समयानुसार सुबह सात बजकर 35 मिनट पर क्लिक की गई हैं।  इसरो ने इसे ‘इमेज ऑफ मिशन’ करार दिया है।

साथ ही बताया कि रोवर पर लगे नेविगेशन कैमरे ने ये तस्वीर ली है। मिशन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण NavCams को बेंगलुरु में इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सिस्टम प्रयोगशाला द्वारा विकसित किया गया था। प्रज्ञान रोवर ने हाल ही में चंद्रमा पर ऑक्सीजन और सल्फर का पता लगाया है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, अब हाइड्रोजन का पता लगाया जा रहा है। यदि हाइड्रोजन मिलती है तो इससे चंद्रमा पर ईंधन का विकल्प खोजा जा सकेगा।

यह भी पढ़ें- चंद्रयान-3 की सफलता के साथ चांद की सतह पर साफ्ट लैंडिंग कर भारत ने रचा इतिहास

बता दें कि भारत द्वारा 14 जुलाई को चंद्रयान-3 मिशन लॉन्च किया गया था, 23 अगस्त को चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने चांद के साउथ पोल में सॉफ्ट लैंडिंग की। भारत इसी के साथ चांद के इस हिस्से पर लैंड करने वाला दुनिया का पहला देश बना था, साथ ही चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला दुनिया का चौथा देश था। भारत से पहले अमेरिका, चीन और सोवियत संघ सफलतापूर्वक चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें- चंद्रयान-3 का लैंडर जिस जगह उतरा उसे ‘शिव शक्ति’ नाम से जाना जाएगा: प्रधानमंत्री मोदी