आरयू वेब टीम। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) ने एक बार फिर से टीम इंडिया के लिए खजाना खोला है। टीम इंडिया के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बीसीसीआइ ने टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बने रहने के लिए 131 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की है। दरअसल आठ मार्च को टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी उठाई थी।
वहीं मंगलवार को बीसीसीआइ ने टी20 विश्व कप 2026 विजेता टीम के लिए महा-पुरस्कार की घोषणा की है।बीसीसीआइ ने आधिकारिक अकाउंट पर पोस्टकर कहा कि बोर्ड आइसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन के बाद उसे 131 करोड़ रुपये का कैश इनाम देने की घोषणा करता है। भारत ने अहमदाबाद के स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर ये प्रतिष्ठित ट्रॉफी उठाई और खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया। टूर्नामेंट के इतिहास में आइसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप अपने पास रखने वाला भारत पहला देश बन गया है।
यह भी पढ़ें- न्यूजीलैंड को 96 रनों से हरा टीम इंडिया तीसरी बार बनीं T-20 वर्ल्ड कप चैंपियन
इस खिताबी जीत के साथ, भारत आइसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम भी बन गई, जिससे इस फॉर्मेट के इतिहास में सबसे सफल टीमों में उसकी जगह और पक्की हो गई। बोर्ड इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं को एक बार फिर बधाई देता है और भविष्य में भी उनकी सफलता की कामना करता है।




















