पुण्‍यतिथि पर नरेंद्र देव को याद कर शिवपाल यादव ने कहा, अन्‍याय के खिलाफ लड़ाई ही समाजवादियों की पहचान

प्रसपा सुप्रीमो
आचार्य नरेंद्र देव को श्रद्धांजलि अर्पित करते शिवपाल सिंह यादव साथ में अन्य नेतागण।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। आचार्य नरेंद्र देव के शिक्षा और राजनीति में दिए योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके बारे में युवा पीढ़ी को पढ़ना चाहिए। राजनीतिक चेतना और विद्वता का नरेंद्र देव में असाधारण सामंजस्य था।

ये बातें मंगलवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, साहित्यकार एवं कांग्रेस समाजवादी दल के प्रमुख सिद्धांतकार आचार्य नरेंद्र देव की पुण्यतिथि के मौके पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के मुख्‍यालय पर आयोजित कार्यक्रम में उन्‍हें याद करते हुए प्रसपा अध्‍यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कही।

शिवपाल यादव नरेंद्र देव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद अपने पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं को आज संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने आचार्य के जीवन पर प्रकाश डालते हुए आगे कहा कि नरेंद्र देव जिस प्रकार संस्कृत, हिन्दी, अंग्रेज़ी, उर्दू, फ़ारसी, पाली, बंगला, फ़्रेंच और प्राकृत भाषाएं जानते थे वे आज के युवा के लिए आश्चर्य का विषय हो सकता है, उनके रास्ते पर चलकर भारत और मजबूत होगा। शिवपाल ने यादव ने कहा कि हम आचार्य नरेंद्र देव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके रास्ते पर चलने का संकल्प लेते हैं।

यह भी पढ़ें- फिर सामने आया शिवपाल का मुलायम प्रेम, ससेमो का अध्‍यक्ष हीं नहीं मैनपुरी से चुनाव भी चाहते हैं लड़ाना

इस दौरान प्रसपा सुप्रीमो ने समाजवादियों का जिक्र करते हुए कहा कि हम सभी ने अन्याय व अत्याचार के खिलाफ हमेशा लड़ाई लड़ी है, यही हमारी पहचान रही है। युवाओं को लोहिया, नरेंद्र देव व लोकनायक जयप्रकाश को पढ़ना चाहिए। आज के समय में पदों की होड़ लगी है, लोग पढ़ना, लिखना व सीखना नहीं चाहते, जबकि राजनीत में ये बातें बहुत जरूरी है।

विधानसभा चुनाव में रचेंगे इतिहास

उन्होंने अपने संबोधन के अंत में कहा कि हमारा संगठन बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब हमारा काफिला बहुत बड़ा हो गया,  जब हम चले थे तो संख्या बहुत कम थी। हम निश्चित ही 2022 के विधानसभा चुनाव में इतिहास रचेंगे।

यह भी पढ़ें- प्रसपा के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर शिवपाल ने बनाई चुनावी रणनीति, मुलायम को याद कर कही ये बातें

इस दौरान प्रसपा के प्रदेश अध्यक्ष सुन्दरलाल लोधी, महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्चना राठौर, प्रसपा के महासचिव रघुनन्दन सिंह ‘काका’, लखनऊ मंडल प्रभारी राम सिंह यादव, प्रवक्‍ता अभिषेक सिंह आशु, रिक्षपाल चौधरी, ई. अरविंद, महानगर अध्यक्ष अजय त्रिपाठी मुन्ना, अरविन्द यादव, वीनू शुक्ला, प्रियंका राय समेत तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।