बंगाल में योगी आदित्यनाथ के हेलीकॉप्टर को लैंडिंग की नहीं मिली इजाजत, मौसम को बताया गया वजह

बागडोगरा एयरपोर्ट
कार्यक्रम रद्द होने के बाद खाली मंच।

आरयू वेब टीम। 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रविवार को उत्तर बंगाल में होने वाली दोनों सभाएं रद्द करने की बात सामने आ रही है। योगी आज बांकुरा और पुरुलिया में दो रैली करने वाले थे। इसके अलावा पांच फरवरी को उनका रायगंज और दिनाजपुर जिले के बालूरघाट में रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है। मिली जानकारी के अनुसार सभा रद्द होने कारण मौसम में खराबी बताया गया है। हालांकि दोपहर तक भाजपा की ओर से इसके लिए अधिकारिक तौर पर ऐलान नहीं किया गया था।

बागडोगरा एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में खराब मौसम के कारण सीएम योगी का विमान लखनऊ से उड़ान नहीं भर सका। इसलिए उनकी बंगाल यात्रा रद्द कर दी गयी है। वहीं पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रभारी कैलाशनाथ विजयवर्गीय ने ममता सरकार के इस फैसले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि तीन दिन पहले रैली और योगी आदित्यनाथ के हेलीकॉप्टर लैंडिंग की परमिशन मांगी गयी थी।

यह भी पढ़ें- अमित शाह का ममता बनर्जी पर हमला, BJP से डरी हैं इसलिए नहीं दी रैली की अनुमति

इस संबंध में जिलाधिकारी कुछ भी स्पष्ट नहीं कर रहे थे और मामले को टाल रहे थे। अंतिम समय में जब भाजपा कार्यकर्ता जिलाधिकारी के बंगले पर गए, तो उन्होंने हेलीकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति देने से इंकार कर दिया। जिलाधिकारी ने भाजपा के स्थानीय नेताओं को बताया कि ऊपर से प्रेशर है, वे इसकी अनुमति नहीं दे सकते। भाजपा नेता ने इसे ममता बनर्जी सरकार का शर्मनाक कृत्य करार देते हुए कहा कि लोकतंत्र में किसी भी सरकार को विरोधी पार्टी की रैली रोकने का अधिकार नहीं है।

यह भी पढ़ें- बंगाल और बिहार में सांप्रदायिक हिंसा, हालात बिगड़ें

वहीं योगी की सभा रद्द होने की खबर से बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थकों में निराशा है। साथ ही समर्थकों ने ममता बनर्जी सरकार और जिला प्रशासन की जमकर आलोचना की। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय से भी एक ट्वीट किया गया था, जिसमें कहा गया था कि बंगाल सरकार ने बिना कोई कारण बताए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली की अनुमति को रद्द कर दिया है।

डीएम कार्यालय पर भाजपा समर्थकों ने किया प्रदर्शन

भाजपा नेताओं को जैसे ही मालूम हुआ कि बालूरघाट की डीएम ने योगी आदित्यनाथ के हेलीकॉप्टर को उतरने की अनुमति नहीं दी, वे अपने समर्थकों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गये और हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीएम के कार्यालय पर सुबह से धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जमकर आलोचना की।

यह भी पढ़ें- ममता की विपक्ष एकता रैली पर मोदी का पलटवार, बोले खुद को बचाने के लिए ढ़ूंढ़ रहे सहारा