आरयू ब्यूरो,
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारें बनती रहीं, मुख्यमंत्री भी बनते रहें और टाइम पास कर जाते रहें। किसी के पास उत्तर प्रदेश दिवस मनाने का समय नहीं था। जबकि मुंबई में हर साल यूपी दिवस मनाया जाता रहा है। प्रदेश सरकार इस साल 24 जनवरी को जोरदार ढंग से यूपी दिवस मनाएगी।
यह बातें आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की 101 वीं जयंती के अवसर पर लोकभवन में आयोजित स्मृति समारोह में कही। योगी ने आगे कहा कि भगवत गीता को आत्मसात कर लेने से जीवन बदल जाएगा। भगवत गीता पर आधारित गायन प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागी आलिया का जिक्र करते हुए कहा कि उसका धर्म तो इस्लाम है, लेकिन उसने गीता को इतने बेहतरीन ढंग से प्रस्तुत किया कि यह आंख खोलने वाला है। यह देश के उन पाखंडियों की आंख खोलने वाला है जो देश में मजहब के नाम पर लड़ते और लड़ाते हैं।
यह भी पढे़ं- योगी के मंत्री के विवादित बोले, “बाटी-चोखा कच्चा वोट, दारू-मुर्गा पक्का वोट”
सकारात्मकता की बात करते हुए योगी ने अपने संबोधन में कहा कि नकारात्मकता के लिए जिंदगी में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। जीवन में जरा सी भी नकारात्मकता हमें कभी आगे नहीं बढ़ा सकती। यह हमारे कार्य की धार को कुंद करती है। उन्होंने कहा कि अगर हमें सच में अपने देश को एक भारत-श्रेष्ठ भारत के रूप में आगे बढ़ाना है तो हमें अपने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपनों को साकार करते हुए सकारात्मक दिशा में आगे बड़ना होगा।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिजनों को सम्मानित कर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही है। इसीलिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के लिए पुनर्वास योजना शुरू की जाएगी।
यह भी पढे़ं- योगी से हुई फ्लैट आवंटन में मनमानी की शिकायत तो एक्शन में आए एलडीए VC
वहीं इस अवसर पर उपस्थित महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडनवीस ने कहा कि तात्यां टोपे के परिवार के लोग यहां पर हैं। झांसी की रानी भी महाराष्ट्र से आई थीं। उत्तर प्रदेश के भी कई लोगों ने महाराष्ट्र आकर उसे समृद्ध किया। महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश का रिश्ता बहुत पुराना है। छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक करने के लिए उत्तर प्रदेश से ही पंडित गए थे। उन्होंने यह कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि जब एक देशभक्त मुख्यमंत्री बनता है तो किस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन होता है।
यह भी पढे़ं- पुलिस स्मृति दिवस पर योगी की घोषणा, शहीदों के परिवारवालों को मिलेगी दुगनी सहायता राशि
कार्यक्रम में लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक पर आधारित एक पुस्तक का भी लोकार्पण किया गया। इस मौके पर राज्यपाल राम नाईक, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व दिनेश शर्मा, मंत्री रीता बहुगुणा जोशी समेत तमाम वरिष्ठ नेतागण समेत अन्य लोग मौजूद रहें।
यह भी पढे़ं- किसानों को सही समय पर मिले खाद-पानी तो होगी आय दोगुनी: योगी