कार्रवाई न होने से क्षुब्‍द्ध युवक ने विधानसभा के पास खुद को लगाई आग, हालत गंभीर

आत्मदाह का प्रयास
अस्पताल में भर्ती युवक।

आरयू संवाददाता, लखनऊ। जमीन विवाद में चकबंदी अधिकारी व कर्मचारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगा शनिवार को हजरतगंज विधानसभा के पास युवक ने खुद को आग लगा ली। मौके पर मौजूद पुलिस ने आग की लपटों से घिरे युवक को देख आनन-फानन में उसपर कंबल डालकर आग बुझाया, जिसके बाद उसे सिविल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

आग लगाने वाले शख्‍स का नाम महेश बताया जा रहा है। होश में आने पर महेश ने पुलिस को बताया कि वह उन्नाव जिले के हसनगंज क्षेत्र के मलझा गांव का रहने वाला है। पैतृक संपत्ति को लेकर महेश का परिवार के ही सुखलाल से करीब 20 साल से विवाद चल रहा है। इस दौरान महेश ने चकबंदी अधिकारी व कर्मचारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगा। साथ ही कहा कि वह इस संबंध में जिलाधिकारी से लेकर अन्य अफसरों को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं पर कोई सुनवाई नहीं हुई। सुखलाल आए दिन धमकाता भी रहता इन सबसे तंग आकर उसने ये घातक कदम उठाया।

यह भी पढ़ें-अफसरों पर एक करोड़ 25 लाख के गबन का आरोप लगा युवक ने विधानभवन के सामने की आत्मदाह की कोशिश

वहीं इस संबंध में इंस्पेक्टर हजरतगंज श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि महेश साइकिल से सुबह हजरतगंज चौराहे पर पहुंचे थें। एकाएक आग की लपटों से युवक को घिरा देख अफरा-तफरी मच गई। चौराहे पर यातायात रुक गया। युवक को लपटों से घिरा देख पुलिस कर्मी दौड़े उन्होंने कंबल डालकर आग पर काबू पाया और उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।

उधर, महेश के आत्मदाह के की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर हसनगंज महेश चंद्र, सीओ राजकुमार शुक्ला और तहसील प्रशासन के अधिकारी गांव पहुंचे। उन्होंने वहां से जानकारी हासिल की। मामले की जानकारी उन्नाव पुलिस और प्रशासन को दे दी गई है। महेश की हालत सिविल में स्थिर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- रेप के आरोपित पर कार्रवाई नहीं होने से दुखी युवती ने विधानसभा गेट के सामने की आत्मदाह की कोशिश