अखिलेश का हमला, BJP कर रही अलोकतांत्रिक आचरण, फिर भी मौन है राजभवन

मिड डे मील
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया ने आज एक बयान जारी कर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह मनमानी पर उतर आई है। उसका आचरण अलोकतांत्रिक है। भाजपा छात्रों, नौजवानों के आंदोलन को कुचलने में भाजपा सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

उन्‍होंने कहा कि जो भी सरकार की जन विरोधी नीतियों के विरूद्ध आवाज उठाता है उस पर गंभीर अपराधिक धाराओं में मुकदमें तक दर्ज करा दिए जाते हैं। वहीं एक बार फिर अखिलेश यादव ने राजभवन पर भाजपा सरकार के अलोकतांत्रिक आचरण पर मौन धारण कर रखने की बात कही है। उन्‍होंने कहा कि हालात ऐसे तब है, जबकि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति दिनों दिन बिगड़ती जा रही है।

निर्दोष लोगों को अपराधिक धाराओं में किया जा रहा गिरफ्तार

सपा सुप्रीमो ने मिर्जापुर, सुल्तानपुर, बुलंदशहर में मुख्यमंत्री जी के जाने पर कर्फ्यू जैसी स्थिति बना दी गई। तमाम निर्दोष लोगों को अपराधिक धाराओं में गिरफ्तार किया गया। वहीं पिछले दिनों किसानों के आंदोलन का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सीतापुर से गन्ना किसानों की बदहाली भाजपा सरकार को बताने के लिए लखनऊ तक पदयात्रा करने वाले नौजवानों पर पुलिस ने अकारण लाठीचार्ज किया। इसमें आधा दर्जन से ज्यादा पदयात्री युवा घायल हो गए।

वहीं भाजपा के एक मंत्री के अनर्गल बयान से असहमति दर्ज कराने के लिए आधा दर्जन नौजवानों ने प्रदर्शन किया तो उनको भी गिरफ्तार कर यातना दी गई। असहमति को भाजपा दुश्मनी मानती है और तानाशाही रवैया अपनाती है। महिलाओं और बच्चियों का मान-सम्मान भी इस सरकार में सुरक्षित नहीं है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का BJP पर हमला, अराजकता की गिरफ्त में पूरा प्रदेश, CM की भाषा पर भी उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने हमला जारी रखते हुए कहा कि भाजपा राज में गन्ना, आलू और गेंहू किसान बरबाद हो गए हैं। घटतौली के अलावा गन्ना किसानों को मिलों पर तरह-तरह से परेशान किया जा रहा है। मजबूरन किसानों को गन्ना जलाना पड़ जाएगा। आलू किसानों के साथ तो बड़ा धोखा हुआ। सरकार ने वादे कई किए परन्तु किसानों को दिया कुछ नहीं।

समाजवादी के कामों को अपना बताने में काट रही समय

योगी सरकार पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अब तक प्रदेश की समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है। एक साल पूरा हो गया फिर भी भाजपा की एक भी अपनी योजना अब तक लागू नहीं हुई है। भाजपा की एक उपलब्धि तो यही है कि वह समाजवादी सरकार के कामों को ही अपना बताते हुए समय काट रही है। भाजपा की दूसरी बड़ी उपलब्धि यही है कि समाजवादी सरकार में प्रदेश ने पिछले पांच वर्षों में विकास की जो मंजिले तय कर ली थी भाजपा सरकार उसे भी मिटाने पर तुली हुई है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का हमला, बलात्कारियों के बचाव में लगी योगी सरकार, आजकल राजभवन भी है मौन