सपा-बसपा का गठबंधन ही बचा सकता है BJP से लोकतंत्र: अखिलेश

झूठ बोलने का रिकॉर्ड
सभा को संबोधित करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भारत गंभीर दौर से गुजर रहा है। दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले देश पिछड़ गया है। भाजपा जबसे सत्‍ता में आई है, उसने नफरत फैलाकर समाज को तोड़ने का काम किया है। संविधान की शपथ की जगह वह आरएसएस के निर्देशों पर काम कर रही है। भाजपा सरकार ने जनता के लिए कोई काम नहीं किया, बस भ्रमित करने को अपनी उपलब्धि बताती है। जनता अब भाजपा से आजादी चाहती है।

यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री ने आगे कहा कि बीजेपी से लोकतंत्र बचाने के लिए सपा और बसपा का गठबंधन ही विकल्प है। भाजपा ने करीब 40 पार्टियों से गठबंधन किया है, इसलिए अब उसका सपा और बसपा के गठबंधन पर टिप्पणी करना अलोकतांत्रिक है।

यह भी पढ़ें- 25 साल बाद फिर साथ आयी सपा-बसपा, गठबंधन का ऐलान, लगे बुआ भतीजा-जिंदाबाद के नारे

अखिलेश यादव गुरुवार को सपा मुख्यालय में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। आज अखिलेश ने कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष और योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को जगाने का काम किया था। साधारण परिवार से होते हुए भी असाधारण काम किये।

प्रधानमंत्री ने तोड़ दिया झूठ बोलने का रिकॉर्ड

वहीं पीएम को झूठ बोलने का रिकॉर्ड तोड़ने वाला बताते हुए अखिलेश ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने जनता से इतनी वादाखिलाफी की है कि उन्‍होंने झूठ बोलने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। नोटबंदी से जहां पूरी अर्थव्यवस्था चौपट कर दी। वहीं जीएसटी से व्यापारी परेशान हैं। कालाधन वापस आया नहीं, भारत के बैंकों का पैसा लेकर उद्योगपति विदेश पलायन कर गए हैं, जबकि भाजपा के नेता हमीरपुर, जालौन में अवैध खनन कराने में लगे हैं।

चुनाव आते ही धोखा देने वाली घोषणा कर रही भाजपा सरकार 

अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार चुनाव आते ही धोखा देने वाली घोषणा कर रही है, इससे सावधान रहना है। हालांकि उन्‍होंने ये भी कहा कि भाजपा की चाल जनता समझ गई है। देश मई 2019 में नई सरकार और नए प्रधानमंत्री का इंतजार कर रहा है।

हमारे फेसबुक पेज पर जाने के लिए यहां क्लिक करें- www.facebook.com/rajdhaniupdate/

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, सपा के प्रदेश अध्‍यक्ष नरेश उत्तम पटेल, आरके चौधरी, विजय बहादुर सिंह, अवधेश प्रसाद, शिवाकांत ओझा, अयोध्या पाल, एसआरएस यादव, विकास यादव, नरेंद्र वर्मा, विनोद सविता, संजय विद्यार्थी सविता, सनातन पाण्डेय, दीप नारायण सिंह, परवेज अली, राहुल सविता, मनोज ठाकुर, बृजेश शर्मा, काली चरन, सीमा सविता, शाकिर अंसारी विजय राज सुधीर कुमार व सतीश शर्मा सहित अन्‍य सपा के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- खनन घोटाला: अखिलेश के समर्थन में खुलकर उतरीं मायावती, कहा घबराने की जरूरत नहीं, ये BJP का पुराना हथकंडा