‘आयुष्मान भारत’ को अखिलेश ने बताया धोखा, कहा इससे सरकारी अस्‍पताल होंगे कमजोर

सरकारी अस्पताल

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री ने सोमवार को भाजपा पर जमकर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने आज सपा मुख्‍यालय पर गाजीपुर-सहारनपुर से दिल्ली के जंतर-मंतर तक चली साइकिल यात्रा में शामिल नौजवानों के स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र का अपहरण करने की साजिश में जुटी है। अर्थव्यवस्था की रफ्तार कैसे बढ़े इस पर भाजपा की समझ मंद है। वह युवा पीढ़ी के भविष्य को अंधेरे में पहुंचा रही है। श्रमिकों को बेरोजगार बना रही है।

यह भी पढ़ें- जनता को भटकाने का भाजपा को नहीं देंगे मौका, किसान, रोजगार, बिजली व सड़क के मुद्दे पर होगा लोकसभा चुनाव: अखिलेश

वहीं मोदी सरकार की लांच की गयी योजना ‘आयुष्मान भारत’ का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि ये भाजपा का जनता को धोखा देने का तरीका है। इस योजना से सरकारी अस्पताल कमजोर होंगे, जबकि प्राइवेट संस्थाएं मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय नए अस्‍पताल बनाएं गए थे, सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज की सुविधा थी। गंभीर बीमारियों हार्ट, किडनी, लीवर, कैंसर तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई थी।

हैवीटेट सेंटर से बेहतर हैं जेपीएनआइसी

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल के कामों को भी याद किया। उन्‍होंने कहा कि उनके कार्यकाल में लखनऊ में जेपी इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआइसी) का निर्माण किया गया। यह दिल्ली के हैवीटेट सेंटर से बेहतर बना है। इसमें स्विमिंगपूल, हेलीकाप्टर उतरने का स्थान, स्पोर्ट्स सेंटर, संग्रहालय भी बना है। जेपी सेंटर में लोकनायक जय प्रकाश के जीवन संघर्ष की गाथा के साथ ‘थाली आंदोलन‘ को भी दर्शाया गया है। लोकनायक जेपी के नेतृत्व में नौजवानों ने क्रांति का बिगुल फूंका था। राजधानी में लोहिया पार्क के बाद एशिया का सबसे बड़ा जनेश्‍वर मिश्र पार्क भी बनाया है।

यह भी पढ़ें- विश्‍वविद्यालयों में बवाल के लिए अखिलेश ने योगी सरकार को बताया जिम्‍मेदार, AU और LU के छात्रों के लिए कही ये बातें

समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और समाजवाद को मजबूती देने के लिए सामाजिक अन्याय के विरूद्ध आंदोलन की पक्षधर है। अगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा से आक्रोशित जनता की लड़ाई बूथ पर होगी। साथ ही अखिलेश यादव ने नौजवानों का आह्वान किया कि मतदाताओं के पास जाएं और बूथ स्तर तक सपा को मजबूत रखें।

इस मौके पर सपा के दिग्‍गज नेताओं में शामिल अहमद हसन, राजेंद्र चौधरी के अलावा ओम प्रकाश सिंह, एसआरएस यादव, अरविन्द कुमार सिंह, संग्राम सिंह, विकास यादव, राजपाल कश्यप, राहुल सिंह समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- “आयुष्मान भारत” का शुभारंभ कर बोले मोदी 70 साल की सरकारों ने गरीबी हटाओं के नाम पर जनता की आंखों में झोकी धूल