खेत-खलिहानों से होकर जाता है देश के विकास का रास्‍ता: शिवपाल

sapa state president
कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते शिवपाल सिंह यादव। फोटो- आरयू

आरयू ब्‍यूरो

लखनऊ। चौधरी चरण सिंह लोकनायक के साथ ही किसानों के मसीहा थे। वह उपेक्षितों और किसानों का दर्द बेहतर समझते थे। यह बातें आज सपा के प्रदेश अध्‍यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने इटावा के सैफई स्थित चौधरी चौरण सिंह पीजी कॉलेज में चौधरी चरण सिंह की 114 वीं जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही।

बतौर मुख्‍य अतिथि पुष्‍पांजलि समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि देश के विकास का रास्‍ता खेत-खलिहानों से होकर जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की किसानों के प्रति नीति की ओर कटाक्ष करते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि जहां किसानों का विकास नहीं होता वहां देश का विकास भी रूक जाता है।

चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए बोले वह ऐसे नेता थे, जो देश की खेती करने वाली 72 प्रतिशत जनता के लिए हमेशा चिंतित रहते थे। उन्‍होंने किसानों का दिल जीत लिया था।

हमारी सरकार ने भी लगातार चार सालों तक किसानों के लिए काम किया। इस दौरान सपा सरकार ने प्रदेश में सिंचाई भी मुफ्त कर दी। जर्जर तहसीलों को संवारने के साथ ही उन्‍हें एक रंग की खूबसूरती दी गई।

पूर्व लोक निर्माण विभाग मंत्री ने कहा कि उनके समय में बहुत सारे विकास कार्य हुए। प्रदेश भर में छह सौ से ज्‍यादा पुल बनवाने के साथ ही अनगिनत सड़के तैयारी कराई गई। आज उन पुलों और सड़कों पर विकास का पहिया तेजी से दौड़ रहा है। सपा ने अपने चुनावी वायदों से कही ज्‍यादा काम किया है।

इस दौरान अंजट सिंह यादव, अभयराम सिंह, सुनील यादव जिलाध्यक्ष इटावा, सदर विधायक रघुराज सिंह शाक्य, पूर्व राज्य मंत्री श्रीकृष्ण यादव, ब्लाक प्रमुख बशरेशर यादव, सपा प्रदेश सचिव व प्रवक्ता राजेश यादव व डा0 फतेह बहादुर सिंह समेत हजारों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सपा के प्रदेश महासचिव अशोक यादव ने किया।