आरयू ब्यूरो, लखनऊ। नोएडा में जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलकर नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट किए जाने की चर्चा पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सिर्फ नाम बदलने से एयरपोर्ट की जमीनी हकीकत नहीं बदल जाएगी। साथ ही एयरपोर्ट की निर्माण लागत में बढ़ोतरी, बारिश के दौरान हुए जलभराव और स्थानीय युवाओं को रोजगार न मिलने जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।
मीडिया से बातचीत के दौरान आराधना मिश्रा ने योगी सरकार से सवाल करते हुए कहा कि “जिस एयरपोर्ट को 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित लागत से बनाया जा रहा है, उसका केवल नाम बदल देने से उसकी हकीकत नहीं बदल जाएगी। हाल ही में बारिश के दौरान हमने देखा कि पूरा एयरपोर्ट परिसर जलमग्न हो गया था।”उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने ये जो राजनीति शुरू की है नाम रखने की नाम बदलने की। इससे कुछ भी राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला है।
वहीं एसआइआर को लेकर भी सवाल उठाते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एसआइआर के दौरान वोटर लिस्ट से 13 करोड़ लोगों के नाम काटे गए थे। इसके बारे में भाजपा को जवाब देना पड़ेगा। अराधना मिश्रा ने जेवर एयरपोर्ट निर्माण के दौरान रोजगार को भी लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि भाजपा ये बताए कि जेवर एयरपोर्ट बनने से देश और प्रदेश के कितने युवाओं को रोजगार मिले।
यह भी पढ़ें- भदोही जनपद के नाम में होगा बदलाव, CM योगी ने किया ऐलान
बता दें नोएडा के जेवर में बने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा जाएगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्वयं मीडिया के सामने इसकी घोषणा की। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके योगदान के सम्मान में यह प्रस्ताव पारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर का दिन गौरवशाली इतिहास के रूप में दर्ज हुआ है। पीएम मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास के कई कार्य हुए हैं। प्रदेश में 42 नए हाईवे बनाए गए हैं।




















