कांग्रेस यूपी प्रभारी बनने के बाद लखनऊ पहुंचे राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, दलित-पिछ़डें व अल्पसंख्यकों से नफरत करती है बीजेपी, करेंगे खत्‍म

राजेंद्र पाल गौतम
बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्‍यार्पण करते पहुंचे राजेंद्र पाल गौतम साथ में अन्‍य नेता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कांग्रेस यूपी का प्रभारी बनाए जाने के बाद आज पहली बार राजेंद्र पाल गौतम सूबे की राजधानी लखनऊ पहुंचे। जहां कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्‍वागत किया। कांग्रेस के प्रदेश मुख्‍यालय पर राजेंद्र पाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दलित-पिछ़डें व अल्पसंख्यकों से बीजेपी नफरत करती है, कांग्रेस अगामी यूपी विधानसभा चुनाव जीतने के साथ ही नफरत को भी समाज से खत्‍म करेगी।

राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर के संविधान को हाथ में लेकर कांग्रेस संघर्ष करेगी। बाबा साहब और कांग्रेस के बीच कोई मतभेद नहीं था दोनों एक दूसरे के पूरक थे इसीलिए कांग्रेस ने बाबा साहब को संविधान सभा का अध्यक्ष बनाया और कानून मंत्री बनाया।

…तो ऐसी सरकार नहीं चाहिए

यूपी प्रभारी ने बीजेपी व उसके सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टियां झूठ बोलती हैं, भ्रम फैलाती हैं उनका पर्दाफाश करने का समय आ गया। भारत जब आजाद हुआ तो भारत गरीब था कांग्रेस की सरकार थी कांग्रेस शासन में देश को आगे बढ़ाया। आज देश अमीर है तो शिक्षा बहुत मंहगी कर दी गयी है और गरीब और पिछड़े, दलित परिवारों के बच्चे उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं इतना ही सामान्य वर्ग के 80 प्रतिशत लोग भी उच्च शिक्षा का खर्च वहन नहीं कर पा रहे हैं। अगर ऐसी अर्थव्यवस्था है जो बच्चों को पढ़ाई न करा पाये, समय से परीक्षा न करा पाये, पेपर लीक न रोक पाये तो ऐसी सरकार नहीं चाहिए।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के जन्मदिन पर युवा कांग्रेस ने आयोजित किया रोजगार मेला, सात हजार युवाओं को मिले ‘जॉब लेटर’

अपनी पार्टी की सरकार का जिक्र करते हुए आगे कहा कि कांग्रेस के समय में सीबीएससी, यूपीएससी की परीक्षाएं भी होती थीं पेपर लीक नहीं होता था और लोगों को सरकारी नौकरियां भी मिलती थीं लेकिन अब इस सरकार में पेपर लीक हो जाता है सरकारी नौकरियां नहीं मिलतीं। वहीं राम मंदिर चंदा चोरी पर राजेंद्र पाल ने योगी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये माफीवीर सरकार है पहले भी माफी मांगती रही है। ये चंदा चोर भी है ये लोगों की आस्था की चोरी करते हैं यह सरकार चुराते हैं यह वोट चुराते हैं।

भाजपा की गुलामी के खिलाफ भी लड़ेगी कांग्रेस

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उत्‍साहित करते हुए राजेंद्र पाल ने कहा कि पहले भारत गुलाम था और आजादी का आन्दोलन कांग्रेस ने लड़ा और अब भाजपा की गुलामी के खिलाफ भी कांग्रेस लड़ाई लड़ेगी पहले अंग्रेजों से लड़े और अब भाजपा के काले अंग्रेजों से लड़ाई लड़नी होगी। उन्होने कहा कि भाजपा दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों से नफरत करती है कांग्रेस पार्टी इस नफरत को मिटाने का काम करेगी। पहले भी कांग्रेस ने बलिदान दिया है अब जवाब देने का समय आ गया है, फिर से भारत को आजादी दिलाने लिए आप सबको बलिदान देने के लिए तैयार होना पड़ेगा। उन्होने कहा कि राहुल गांधी पूरे देश में आम जनता, गरीबों, वंचितों, पिछड़ों, दलितों की लड़ाई लड़ रहे हैं। हम सभी को पूरी ताकत के साथ लड़ाई लड़नी है और बाबा साहब के संविधान के खिलाफ काम करने वालों को सबक सिखाना होगा। उन्होने कहा कि काम करने वाले मेहनती लोगों को आगे बढ़ाया जायेगा।

प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय ने बताया कि प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम आज सुबह नई दिल्ली से सड़क मार्ग से चलकर सुबह 8.30 बजे एनएच टोल प्लाजा मथुरा, 10.00 बजे एनएच टोल प्लाजा आगरा, प्रातः 11.00 बजे एनएच टोल प्लाजा फिरोजाबाद, दोपहर 12.00 बजे एनएच टोल प्लाजा इटावा, दोपहर एनएच टोल प्लाजा औरैया, दोपहर 1.30 बजे सूर्या ढाबा सिंकदरा (कानपुर देहात), दोपहर 3.00 बजे रामादेवी चौराहा कानपुर नगर होते हुए दोपहर 3.30 बजे एनएच उन्नाव से होकर शाम लखनऊ पहुंचे, जहां हजरतगंज पहुंचकर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर महासभा, वीरांगना अवंती बाई लोधी प्रतिमा, सरदार पटेल प्रतिमा, महात्मा गांधी प्रतिमा व बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

जिसके बाद रात करीब साढ़े आठ बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। दिल्ली-लखनऊ के बीच जगह-जगह पर जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों के नेतृत्व में भारी संख्या में कांग्रेसजनों द्वारा प्रदेश प्रभारी का स्वागत किया गया।

यूपी में 1989 से सरकार नहीं…

वहीं इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कार्यकर्ताओं से कहा कि लगातार कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी यूपी में कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए हरसंभव कदम उठा रहे हैं। कांग्रेस की यूपी में 1989 से सरकार नहीं है फिर भी कांग्रेस के कार्यकर्ता गाजियाबाद से बलिया तक से यहां आये हैं और प्रदेश में सरकार बनाने के लिए खड़े है।

वहीं योगी सरकार पर सवाल उठाते हुए अजय राय ने कहा कि जिस प्रकार देश और प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व में भगवान के नाम को बेचा गया और अब भगवान राम के मंदिर में दान और चढ़ावा को लूट लिया और अभी भी कोई कार्यवाही नहीं हो रही, सिर्फ छोटे कर्मचारियों को जेल भेजा गया। सरकार इस लूट में शामिल बड़े लोगों को बचाने में लगी है इस लूट में भाजपा और संघ के बड़े लोग शामिल हैं, उनका नाम नहीं आ रहा है। मुख्यमंत्री ने 15 दिन में दूध का दूध और पानी का पानी करने के लिए कहा था, कुछ नहीं हुआ, एसआईटी गठित की किन्तु 15 दिन बीत जाने पर एसआईटी का समय फिर 15 दिन बढ़ा दिया गया, लेकिन ये बचा नहीं पायेंगे कांग्रेस के कार्यकर्ता मजबूती से खड़े हो गये हैं। गरीबों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों के घरों पर बुलडोजर चलाने वाली सरकार से कांग्रेस चुन-चुनकर हिसाब लेगी।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी ने RSS को बताया राष्ट्रीय सरेंडर संघ, कहा भाजपा नेता ने ही किया बेनकाब

कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय ने बताया कि इस मौके पर कांग्रेस कमेटी के सचिव-सहप्रभारीगण धीरज गुर्जर, राजेश तिवारी एवं तौकीर आलम, सांसद तनुज पुनिया, विधायक वीरेन्द्र चौधरी, राष्ट्रीय सचिव श्री विदित चौधरी एवं सुशील पासी, कांग्रेस कमेटी विचार विभाग के चेयरमैन-पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, पूर्व सांसद एपी गौतम, पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली, पूर्व विधायक एवं अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन सोहेल अंसारी, पूर्व विधायक  सतीश अजमानी, श्यामकिशोर शुक्ल, गयादीन अनुरागी, नदीम जावेद, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व मंत्री मसूद अहमद, पिछड़ा वर्ग विभाग के चेयरमैन  मनोज यादव, सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद पाण्डेय व मुकेश सिंह चौहान समेत कांग्रेस के कई अन्‍य नेता व बड़ी संख्‍या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन तारिक सिद्दीकी ने किया।