योगी सरकार का फैसला, अब दस मई तक UP में रहेगा लॉकडाउन

लॉकडाउन बढ़ा

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी में कोरोना के बिगड़ते हालात को देखते हुए बुधवार को योगी सरकार ने चार दिन का लॉकडाउन बढ़ा दिया है। अब प्रदेश में सोमवार सुबह सात बजे तक लॉकडाउन रहेगा। दो दिन पहले सरकार ने गुरुवार सुबह सात बजे तक के लिए लॉकडाउन घोषित किया था। ये आदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम-9 के साथ हुई बैठक में दिए।

इससे पहले 29 अप्रैल को योगी सरकार ने प्रदेश में शुक्रवार शाम आठ बजे से मंगलवार सुबह सात बजे तक लॉकडाउन करने का निर्णय लिया था और फिर तीन मई को दो दिनों के लिए इसे और बढ़ा कर गुरुवार (छह मई) सुबह सात बजे तक कर दिया। इसके बाद आज मतलब बुधवार को इसकी मियाद सोमवार सुबह सात बजे तक कर दी है।

इस बीच प्रदेश में लॉकडाउन के लिए सरकार ने गाइडलाइन भी जारी की है। अब आवश्यक वस्तुओं के आवागमन के लिए ई-पास जारी होगा। साथ ही आवश्यक वस्तुओं की पूर्ति करने वाली संस्थाओं को भी पास लेना होगा। आम लोग भी चिकित्सा सेवा लेने के लिए ई-पास के लिए आवेदन कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार का बड़ा फैसला, UP में अब तीन दिन रहेगा लॉकडाउन

इसके साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पनंबर 1076 पर आवश्यक वस्तुओं की सेवा न मिल पाने पर शिकायत कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए आपको http://rahat.up.nic.in पर जाना होगा। इसके बाद http://rahat.up.nic/epass पर जाकर आवेदन भरा जा सकता है।

मालूम हो कि बीते एक हफ्ते से प्रदेश में हर रोज औसतन 25-30 हजार नए केस मिल रहे हैं, लेकिन चिंताजनक यह है कि मौत का ग्राफ कम नहीं हो रहा है। प्रदेश में वर्तमान में 272568 कोरोना के एक्टिव केस हैं। पिछले 24 घंटे में 25,858 कोरोना संक्रमित मिले हैं, जबकि 352 लोगों की मौत हुई है।

लखनऊ में कोरोना के केस में गिरावट आई है। 24 घंटे में यहां 5079 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। 2407 नए केस मिले और 22 लोगों की मौत हुई है। अब तक राज्य में 13,68,183 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 10,81,817 ठीक हो चुके हैं। वहीं मौत का आंकड़ा 13,798 पहुंच गया है।

यह भी पढ़ें- अब यूपी में लॉकडाउन की अवधी दो दिन और बढ़ी