133 करोड़ की परियोजनाओं का दिवाली गिफ्ट देकर बोले योगी, अयोध्या ने पढ़ाया दुनिया को मानवता का पाठ

अयोध्या में योगी

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। आज का दिन अयोध्‍यावासियों के लिए लगातार सुनहरी यादें लेकर आया है। पहले भगवान राम की सवारी पुष्‍पक विमान से पहुंची और फिर रिकॉर्ड एक लाख 71 हजार दिए जलाए गए। इतना ही नहीं मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रामकथा पार्क में 133 करोड़ की विभिन्‍न परियोजनाओं का बटन दबाकर शिलान्‍यास किया।

दीपोत्‍सव कार्यक्रम में पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या हमेशा नकारात्मक चर्चा का केंद्र रही है। यह कार्यक्रम नकारात्मक चर्चा को सकारात्मक की ओर ले जाने का एक कदम है। अयोध्‍या ने दुनिया को मानवता का पाठ पढ़ाया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या का विकास चार चरणों में पूरा किया जाएगा। दिवाली पर यह पहले चरण का आयोजन है।

यह भी पढ़ें- पुष्‍पक विमान से आए भगवान राम, योगी ने की आरती

भगवान राम एक समय के सबसे बड़े आतंक के पयार्य रावण और उसकी सेना को मारकर अयोध्या लौटे थे। आज इस देश को जिस दिशा में प्रधानमंत्री ले जा रहे हैं। निरन्तर विकास की योजनाएं चल रही है। पर्यटन को बढ़ावा देने की बात करते हुए मुख्‍यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश को दुनिया के पर्यटन का हब बनाएगी और इसकी शुरूआत हो चुकी है। अयोध्या पुराना वैभव प्राप्त करे, इस ओर कार्य किए जा रहे हैं।

योगी ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से हर किसी की अपनी छत और हर हाथ को रोजगार की परिकल्पना को साकार करने के लिए तेजी से काम किए जा रहे हैं। हर के पास पास अपना घर हो, घर में रोशनी हो, हर हाथ को काम हो, यही राम राज्य है और राम राज्य का यह सपना उत्तर प्रदेश में 2019 तक पूरा हो जाएगा।

वहीं राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि बाल्मीकि ने रामायण लिखा और दुनिया को प्रभु राम के जीवन के संबंध को बताया। मैं मध्य प्रदेश का हूं, मध्य प्रदेश के अश्वनी बाल्मीकि ने भी रामायण लिखा जिसका अनेक भाषाओं में अनुवाद किया गया। दिवाली की बात करते हुए गर्वनर बोले कि आज के दिन ही श्रीराम अयोध्या आये थे, पुष्पक यान से जब राम उतरे थे तब धरती स्वर्ग के समान लगने लगी थी। आज वही पुनीत दिन है।

यह भी पढ़ें- नहीं रहे राम जन्‍मभूमि के प्रमुख पक्षकार महंत भास्‍कर दास

इस दौरान केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या व दिनेश शर्मा, प्रभारी मंत्री सतीश महाना, पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी, परिवहन मंत्री स्‍वतंत्र देव सिंह, समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, ऊर्जा मंत्री श्रीकान्त शर्मा, ग्राम्य विकास मंत्री महेंद्र सिंह, ग्रामीण अभियंत्रण मंत्री मोती सिंह, राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास, प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रदेश मंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, सांसद लल्लू सिंह, राज्यसभा सदस्य विनय कटियार, सांसद हरिओम पाण्डेय, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, इन्द्र प्रताप तिवारी, रामचन्द्र यादव, गोरखनाथ बाबा, शोभा सिंह चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी हरिश्‍चन्‍द्र श्रीवास्‍तव, क्षेत्रीय संगठन मंत्री बृज बहादुर, जिला प्रभारी सुधीर सिंह सिद्धू, जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय मौजूद रहें।