अनंत नगर के 460 प्‍लॉट के लिए LDA संडे से खोलेगा रजिस्‍ट्रेशन, ऐसे करें आवेदन

एलडीए

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। मोहान रोड स्थित अनंत नगर योजना के प्‍लॉट के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण एक बार फिर रजिस्‍ट्रेशन खोलने जा रहा। अगामी रविवार (नौ अगस्‍त) से तीन कैटेगरी के कुल 460 भूखंडों के लिए लोग आवेदन कर सकेंगे। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शुक्रवार को इसका आदेश जारी किया है। इसके अनुसार रजिस्‍ट्रेशन एक महीने यानि नौ सितंबर तक खुला रहेगा।  सभी भूखडों के लिए आवेदन सिर्फ ऑनलाइन ही किया जा सकेगा, जबकि प्‍लॉट का आवंटन एलडीए लॉटरी के माध्‍यम से करेगा।

एलडीए उपाध्‍यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि अनंत नगर योजना के पहले चार चरणों में करीब 17 सौ भूखंडों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जा चुका है। जिसमें कुल 35 हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया था। अब पांचवें चरण में आशीष खंड के 460 भूखंडों के लिए रजिस्‍ट्रेशन खोला जा रहा। इसके लिए संडे से पोर्टल लाइव हो जाएगा और लोग नौ सितंबर तक रजिस्‍ट्रेशन करा सकेंगे।

यह भी पढ़ें- लगातार घट रही अनंत नगर के प्‍लॉट की डिमांड, 39 व 25 के बाद एक भूखंड के लिए हुए मात्र 11 रजिस्‍ट्रेशन

आवेदन के लिए लोगों को एलडीए की वेबसाइट registration.ldalucknow.in पर लॉग इन कर रजिस्‍ट्रेशन पुस्तिका खरीदनी होगी। जिसके बाद प्‍लॉट के अनुमानित दाम का पांच प्रतिशत जमा कर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। सफलतापूर्वक पंजीकरण कराने वाले आवेदकों के बीच एक महीने बाद भूखंडों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से होगा।

200 से 112.5 वर्गमीटर तक के है प्‍लॉट

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने कहा कि कुल 460 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा। इसमें सबसे ज्‍यादा 112.5 मीटर के 425 प्‍लॉट हैं। इसके अलावा  200 वर्गमीटर के 23 और 162 वर्गमीटर के 12 भूखंड शामिल हैं।

वहीं योजना की तारीफ करते हुए प्रथमेश कुमार ने आज कहा कि मोहान रोड पर 786 एकड़ में विकसित की जा रही अनंत नगर योजना में लगभग डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। योजना का विकास अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा। जिसमें चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछायी जा रही। योजना में बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी।

यहां भी अधिकारी लाएंगे भरपूर हरियाली

वहीं अपनी तमाम योजना व प्राधिरकण के जनेश्‍वर मिश्र समत तमाम पार्कों के साथ ही नगर निगम, एनएचएआई व सिंचाई समेत अन्‍य विभागों के कार्य क्षेत्रों में भी एलडीए के खजाने से करोड़ों खर्च कर मियावाकी व दूसरे तरह की हरियाली लाने के लिए चर्चित एलडीए के अधिकारियों ने अनंत नगर में भी भरपूर हरियाली लाने का इंतजाम किया है। इस योजना में करीब 130 एकड़ जमीन पर तरह-तरह के पार्कों को बनाने के साथ ही अन्‍य जगाहों पर हरियाली लाने के लिए अधिकारियों ने अपना काम तेजी से शुरू कर दिया है।

यह भी पढ़ें- ग्रीन जोन बनें NHAI के शहीद पथ की हरियाली के नाम पर जनता के 43 करोड़ फूंकेगा LDA!, टेंडर भी कराया टुकड़ों में, उठ रहें सवाल