मौसम विभाग का अनुमान अगले 24 घंटों में यूपी समेत 15 से अधिक राज्यों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। दिल्ली में बारिश के बाद भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली हैं। दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से तीन डिग्री कम है। मौसम विज्ञान के अनुसार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली में सापेक्ष आर्द्रता 54 फीसदी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने दिन के दौरान मुख्य रूप से साफ आसमान की भविष्यवाणी की है। शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 36.7 डिग्री सेल्सियस और 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं अब एक बार फिर मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान देश के 15 से ज्यादा राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ 10 या 11 मई के करीब सक्रिय होगा, जिससे 11 से 13 मई के वक्त के दौरान फिर दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर-पश्चिमी उभारत में धूल भरी आंधी और तेज गरजना के साथ हल्की बारिश की संभावना है।

यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी से दिल्ली को मिलेगी राहत! आंधी-बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार देश के कई राज्यों में आज बारिश हो सकती है, जिसमें केरल, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में हल्की से मध्यम बरसात होने की उम्मीद हैं। कहीं तेज बारिश के भी आसार है। वहीं, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी और तेज गर्जना के साथ बरसात की उम्मीद है।

इस बीच अच्छी खबर यह है कि इस बार मानसून अपने सटीक वक्त पर ही भारत में दस्तक देगा। मौसम विभाग के अनुसार मानसून एक जून को केरल पहुंच सकता है। मानसून के बारे में अपडेट देते हुए भारतीय मौसम विभाग ने मानसून के चारों महीने (जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर) में अच्छी बारिश के संकेत दिए है। वहीं मौसम विभाग 15 मई को मानसूनी सीजन को लेकर अपना अनुमान जारी करेगा।

यह भी पढ़ें- मौसम विभाग का अनुमान यूपी में चलता रहेगा आंधी-पानी का सिलसिला, इन इलाकों में बारिश के आसार