महिला अपराध के खिलाफ कांग्रेस की वुमेन विंग ने किया प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत मे लिया

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को प्रदेश में महिलाओं के उत्पीड़न और उनके खिलाफ जघन्य अपराधों को लेकर सिर पर काला फीता बांध और काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया। ये सभी महिलाएं कांग्रेस मुख्यालय से निकलकर विधानसभा का घेराव करने जा रही थीं। तभी पुलिस ने महिला कार्यकर्ताओं को बैरिकेडिंग लगाकर पार्टी कार्यालय के पास ही रोक दिया।

मौके पर मौजूद पुलिस बल ने महिला कार्यकर्ताओं को बैरिकेडिंग कर आगे जाने से रोक दिया। ऐसे में नाराज कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों  को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली।

यह भी पढ़ें- BHU कैंपस में छात्रा से हैवानियत करने वाले तीनों युवक दो महीने बाद गिरफ्तार, बंदूक की नोक पर किया था गैंगरेप, BJP से भी निकला कनेक्‍शन

वहीं प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही कांग्रेस मध्य जोन की प्रदेश अध्यक्ष ममता चौधरी ने कहा कि गृह मंत्रालय के एनसीआरबी का आंकड़ा बता रहा है कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलआफ अपराध में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्नाव, हाथरस समेत प्रदेश के कई ऐसे जनपद हैं, जहां महिलाओं के साथ जघन्य अपराध हुए।

सरकार उन्हें इंसाफ दिलाने में नाकामयाब रही है। पूरे प्रदेश में महिलाओं को कहीं भी इंसाफ नहीं मिल रहा है। ऐसे में वह असुरक्षित महसूस कर रही है। न्याय की आस में वह मुख्यमंत्री के घर तक पहुंच रही है। जब उन्हें वहां जाने से रोका जाता है, तो वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर हैं।
यह भी पढ़ें- एसिड अटैक से प्रदेश की महिलाओं में दहशत, तेजाब की खुलेआम बिक्री पर तत्‍काल लगे रोक: ममता चौधरी