दुबई से काठमांडू के लिए उड़ी फ्लाइट की लखनऊ में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। इन दिनों बदलते मौसम के तेवर ने सबको परेशान कर रखा है। ऐसे में खराब मौसम के कारण दुबई से नेपाल जा रही विमान की इमरजेंसी लैंडिंग लखनऊ एयरपोर्ट पर कराई गई। दरअसल दुबई से नेपाल के काठमांडू जा रही फ्लाइट को वहां मौसम खराब होने के कारण लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। इस पर शनिवार को  लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। करीब तीन घंटे रुकने के बाद विमान को काठमांडू के लिए रवाना किया गया। वहीं लखनऊ से आने व जाने वाले कई विमान भी घंटों विलंबित रहे।

मिली जानकारी के मुताबिक दुबई की विमान संख्या एफजेड 1133 रात 2ः29 बजे दुबई से चलकर नेपाल के काठमांडू जा रहा था। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक नेपाल पहुंचने पर विमान के पायलट को सूचना मिली कि काठमांडू में मौसम खराब है। इसकी वजह से लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल पाएगी। इसके बाद पायलट ने लखनऊ एटीसी से संपर्क किया। लखनऊ में विमान उतारने की परमिशन मांगी।

इसके बाद लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से अनुमति मिलने के बाद शनिवार सुबह आठ बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यहां करीब तीन घंटे रुकने के बाद थाई एयरवेज का यह विमान (एफजेड 1133) लखनऊ एयरपोर्ट से काठमांडू के लिए रवाना हो सका।

यह भी पढ़ें- यात्रियों को ले जा रही इंडिगो की फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

इसी तरह इंडिगो की दिल्ली जाने वाली विमान संख्या 6ई2026 अपने निर्धारित समय सात बजकर 40 मिनट के बजाय 11ः13 पर उड़ान भर सका। मुंबई से लखनऊ आने वाला विमान (6ई5264) अपने निर्धारित समय 02ः15 के बजाय 04ः06 पर पहुंचा। चंडीगढ़ से लखनऊ आने वाला विमान अपने निर्धारित समय 07ः55 के बजाय 10ः11 पर पहुंचा।

यह भी पढ़ें- अमेठी में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट की खेत में इमरजेंसी लैंडिंग से मचा हड़कंप, बड़ा हादसा टला