आरयू वेब टीम। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले एक और सेना के जवान देविंदर सिंह को पंजाब पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन सेल ने गिरफ्तार किया है। जिसपर आइएसआइ को गोपनीय रक्षा दस्तावेज लीक करने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि देविंदर ने गुरप्रीत सिंह के साथ मिलकर यह काम किया, जो पहले से ही जेल में बंद है।
पंजाब पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन सेल ने सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया है। सेना के जवा पर पाक की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आइएसआइ) को गोपनीय रक्षा दस्तावेज लीक करने का आरोप है। गिरफ्तार जवान की पहचान सप्पर देविंदर सिंह के रूप में हुई है। पंजाब पुलिस ने उसे जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी से गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी की पुष्टि एसएसओसी की एआईजी रवजोत कौर ग्रेवाल ने की।
इस कार्रवाई से एक हफ्ते पहले पंजाब पुलिस ने गुरप्रीत सिंह उर्फ ‘गुरी’ उर्फ ‘फौजी’ को भी गिरफ्तार किया था। गुरी पूर्व सैनिक है और उस पर भी आइएसआइ को सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारी देने का आरोप है। पूछताछ में सामने आया कि देविंदर सिंह ने गुरप्रीत की फरीदकोट जेल में बंद रहते हुए गोपनीय दस्तावेजों की व्यवस्था में मदद की थी।
यह भी पढ़ें- जासूस निकला नौसेना का कर्मचारी विशाल, ऑपरेशन सिंदूर की खुफिया सूचनाएं पाकिस्तान को भेजी
पुलिस के मुताबिक गुरप्रीत अप्रैल 2025 से एक किलो हेरोइन के साथ पकड़े जाने के बाद से फिरोजपुर जेल में बंद है, हालांकि वह जेल से ही अपने पुराने सेना के साथियों से संपर्क बनाए हुए था और उन्हीं के जरिए संवेदनशील जानकारी जुटाकर आइएसआइ को भेज रहा था। देविंदर को मोहाली की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।




















