आरयू ब्यूरो, लखनऊ। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत आज नगर निगम ने इंदिरा प्रियदर्शिनी वार्ड स्थित जरहरा गांव में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में यूपी सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत सुरेश खन्ना ने आम पौधा रोपने के साथ की। पौधारोपण के बाद सुरेश खन्ना ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है, बल्कि यह मातृत्व और प्रकृति के प्रति हमारे कर्तव्य का संदेश भी देता है। हर नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए। यही सच्ची श्रद्धांजलि है अपनी धरती मां और अपने जीवनदायिनी पर्यावरण के प्रति।”
लखनऊ को हराभरा बनाने की दिशा…
वहीं आंवले का पोधा रोपने के बाद लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा “यह अभियान लखनऊ को हराभरा बनाने की दिशा में एक जनांदोलन है। नगर निगम लखनऊ हर जोन में पौधारोपण के ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रहा, ताकि प्रत्येक नागरिक इस मुहिम का हिस्सा बन सके। हमारा उद्देश्य सिर्फ पेड़ लगाना नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित और विकसित करना भी है।”
आज कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ की गई। इस दौरान स्थानीय पार्षद कल्पना वर्मा ने कचनार का पौधा, नगर आयुक्त गौरव कुमार ने जामुन का पौधा, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार ने मौलसरी का पौधा तथा अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव ने अमरूद का पौधा लगाया।
यह भी पढ़ें- ग्रीन जोन बनें NHAI के शहीद पथ की हरियाली के नाम पर जनता के 43 करोड़ फूंकेगा LDA!, टेंडर भी कराया टुकड़ों में, उठ रहें सवाल
नगर निगम के अनुसार इस अवसर पर क्षेत्र में कुल 105 पौधों का रोपण किया गया। पौधारोपण के लिए आम, जामुन, अमरूद, आंवला, कचनार, नीम और अशोक जैसे औषधीय एवं छायादार वृक्षों का चयन किया गया, जो पर्यावरण संतुलन और स्थानीय हरियाली को बढ़ावा देंगे।
कार्यक्रम में विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव, पार्षद कल्पना वर्मा, योग्यता यादव, पूजा जसवानी, पूर्व पार्षद राजकुमार वर्मा, उद्यान अधीक्षक सहित नगर निगम के अन्य अफसर-कर्मी मौजूद।
नगर आयुक्त ने जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में नगर आयुक्त गौरव कुमार ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम की यह पहल शहर के हर वार्ड तक पहुंचेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाकर इस अभियान को सफल बनाएं।




















