आरयू वेब टीम। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आइजीआइ) के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) सिस्टम में शुक्रवार को अचानक से तकनीकी खराबी आ गई। जिसके चलते आइजीआइ एयरपोर्ट पर विमान के संचालन में परेशानी आ रही है। इस वजह से यहां से अभी विमानों का संचालन ठप हो गया है। फिलहाल आइजीआइ एयरपोर्ट ने ना तो विमान उड़ान भर पा रहे हैं और ना ही विमानों की लैंडिंग हो पा रही है। बताया जा रहा है कि एटीसी में आई खराबी के चलते सौ से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट के एटीसी में एक सॉफ्टवेयर से संबंधित कोई समस्या आ गई है, जिसके चलते आईजीआई एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन नहीं हो पा रहा है और कई उड़ानों में देरी हुई है। एयर इंडिया और स्पाइसजेट समेत कई एयरलाइन्स की उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जिसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) में आई तकनीकी खामी के संबंध में दिल्ली एयरपोर्ट ने एक बयान भी जारी किया, जिसमें कहा गया है कि, “एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) सिस्टम में तकनीकी समस्या के कारण, आइजीआइए पर उड़ान संचालन में देरी हो रही है। उनकी टीम डीआइएआइ सहित सभी हितधारकों के साथ मिलकर इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें- एयर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने से यात्रियों में मची अफरा-तफरी, वापस करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी फ्लाइट से जुड़े सभी अपडेट्स संबंधित एयरलाइन्स से कर सकते हैं।” साथ ही आइजीआइ ने इस तकनीकी समस्या से पैदा हुई परेशानी पर खेद भी जताया है। आइजीआइ एयरपोर्ट के मुताबिक, एटीसी में आई तकनीकी खामी के चलते कम से कम सौ उड़ानों में देरी हुई है।




















