आरयू वेब टीम। 15 अगस्त यानी कि स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले दिल्ली हाईकोर्ट, लाल किला, दिल्ली मेट्रो, आइजीआई एयरपोर्ट समेत कई जगहों को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल भेजे जाने से हड़कंप मच गया है। इसकी सूचना पर पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। पुलिस समेत सुरक्षा ऐजेंसियां जांच में जुट गईं।
मिली जानकारी के मुताबिक धमकी भरे इस ईमेल में दिल्ली हाईकोर्ट में 15 अगस्त को दोपहर दो बजकर 11 मिनट पर धमाके का दावा किया गया है। वहीं डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में तीन बजकर 11 मिनट पर बम ब्लास्ट की धमकी दी गई है। ईमेल में कहा गया है कि ‘दिल्ली बनेगा खालिस्तान’। धमकी भरे ईमेल में दिल्ली हाई कोर्ट के साथ ही दिल्ली मेट्रो और अंबाला जाने वाली ट्रेनों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। इसमें बब्बर खालसा का नाम लिखा है।
यह भी पढ़ें- राजधानी के दो कॉलेज को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह और अदालतों को लेकर भी धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया गया है। वहीं पंजाब के जंडियाला गुरु समेत कई अन्य जगहों का भी जिक्र किया गया है। धमकी भरा ई-मेल सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई। ई-मेल और इसे भेजने वाले की पहचान की जारी है।
वहीं ईमेल में दिल्ली हाई कोर्ट के साथ ही जाम नगर हाउस, झंडेवालान बिल्डिंग, साकेत ऑफिस, डीएम दफ्तर, टर्मिनल 3 आइजीआइ, एसडीएम दफ्तर दिल्ली कैंट भी शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर जांच में जुट गई। हालांकि अब तक की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।




















