आरयू ब्यूरो, लखनऊ। योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार को समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर हमला बोला है। राजभर ने आरोप लगाया कि सुभासपा कार्यालय में घुसकर उनके कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश चौधरी को गाली और जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक लड़ाई जनता के बीच और मुद्दों पर होनी चाहिए।
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्टकर इस घटना को लेकर सपा सुप्रीमो पर हमला बोलते हुए कहा कि अखिलेश यादव राजनैतिक मतभेदों में हिंसा और गाली गलौज की जगह नहीं होनी चाहिए। कल आपके कार्यकर्ताओं ने जो किया, उसको कोई भी उचित नहीं ठहरा सकता। आपके कार्यकर्ता ने जो किया है, वो सिर्फ गलत ही नहीं, बल्कि अपराध की श्रेणी में आता है। राजभर ने आरोप लगाया कि सुभासपा कार्यालय पर उनके लोगों ने कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की। साथ ही ये भी आरोप लगाया कि पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी गई।
गुंडई से नहीं चल सकता लोकतंत्र
ओम प्रकाश ने अपने बयान में सपा पर आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि राजनीतिक लड़ाई जनता के बीच जाकर और मुद्दों पर होनी चाहिए। गुंडई से कोई राजनीतिक दल चल सकता है, लेकिन लोकतंत्र नहीं चल सकता। राजभर ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या ये सब अखिलेश के कहने पर हो रहा है या फिर उनके दोनों चाचाओं ने कार्यकर्ताओं को इशारा किया है। जबकि राजनीति में विरोध हो सकता है, लेकिन हिंसा और धमकी की जगह नहीं होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- ओपी राजभर का केजरीवाल पर तंज, सूप तो सूप, चलनी बोले जिसमें बहत्तर छेद
उनके कार्यकर्ता ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं
अखिलेश यादव पर हमला जारी रखते हु राजभर ने कहा कि उनके कार्यकर्ता और वह ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने अपने बयान में कहा कि अखिलेश यादव एक बात जान लीजिए। ओम प्रकाश राजभर नाम है मेरा। महराजा सुहेलदेव का वंशज हूं। कंसवादियों से न मैं डरता हूं और न मेरे कार्यकर्ता। इस मामले में आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार होगी। वहीं पुलिस शिकायत के बाद पूरे मामले की जांच की जा रही है।



















