आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अगर आप लखनऊ घूमने के शौकीन है तो अब इसमें आपकी सहायता सरकारी विभाग करेंगे। अगामी सात जनवरी से प्रस्तावित ‘लखनऊ दर्शन टूर’ के सफल संचालन के लिये आज मंडलायुक्त लखनऊ विजय विश्वास पंत ने बैठक बैठक कर पर्यटन, परिवहन, एलडीए और नगर निगम के अफसरों को यात्रियों को सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में एमडी यूपी स्टेट टूरिज़म, सचिव एलडीए, अपर नगर आयुक्त, परिवहन विभाग, पर्यटन विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कमिशनर ने टूर के संभावित रूट, समय-सारिणी, टिकट व्यवस्था, सुरक्षा मानकों, यात्री सुविधाओं, प्रचार-प्रसार रणनीति तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डबल डेकर ई-बस में यात्रियों की सुविधा के लिए अनुभवी गाइड, स्वच्छता, बैठने की उचित व्यवस्था तथा आपातकालीन सुरक्षा उपाय सुनिश्चित होने चाहिये।
यह भी पढ़ें- यूपी के 11 विरासत भवनों व किलों को भव्य पर्यटन स्थलों में बदलेगी योगी सरकार
कमिश्नर ने यूपी स्टेट टूरिज़म को निर्देशित किया कि बसों की उपलब्धता, पार्किंग व चार्जिंग सुविधा, चालक और किराया वसूली एजेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही यूपी मोटर वाहन नियमों के अनुरूप वाहनों का नियमित रख-रखाव, फिटनेस प्रमाणन, प्रदूषण जांच व बीमा सुनिश्चित किया जाये। जिससे यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा व सुव्यवस्थित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
एक बस में 65 पर्यटक कर सकेंगे टूर
बैठक में एमडी यूपी स्टेट टूरिज़म ने विजय विश्वास पंत को बताया कि डबल डेकर ई-बस की प्रस्तावित दो शिफ्ट रहेगीं, जिसमें सुबह 08:30 से 11:30 बजे तक और शाम चार बजे से सात बजे तक डबल डेकर ई-बस के माध्यम से पर्यटकों को लखनऊ दर्शन टूर कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि डबल डेकर ई-बस में ड्राइवर सहित 66 पर्यटक एक साथ लखनऊ दर्शन टूर कर सकेंगे। जिसके लिये तीन जनवरी ई-बस का मॉक ट्राइल भी कराया जायेगा।
पिकअप व ड्रॉप पॉइंट्स पर न हो अंधेरा
इस दौरान मंडलायुक्त ने आवासीय इलाकों में पिकअप और ड्रॉप पॉइंट्स पर समुचित प्रकाश व्यवस्था व स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश लखनऊ विकास प्राधिकरण व नगर निगम को दिए।
लखनऊ का पर्यटन मजबूत करेगा ‘दर्शन टूर’
विजय विश्वास पंत ने आज इस बारे मीडिया से कहा है कि लखनऊ दर्शन टूर न सिर्फ लखनऊ की पर्यटन क्षमता को मजबूत करेगा, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल होगी। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं तथा टूर के संचालन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिये।




















