अखिलेश का योगी सरकार पर हमला, प्रदेश में अपराध व भ्रष्टाचार चरम पर बेटियां भी नहीं सुरक्षित

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। सपा मुखिया ने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं है। महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार के सारे दावे झूठे हैं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, योगी सरकार में चरम पर अराजकता, भाजपाई गुंडे जनता-पर्यटकों को कर रहें प्रताड़ित

वहीं एक घटना का जिक्र कर योगी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार का जीरो टॉलरेंस का वादा जीरो हो चुका है। मेरठ में मां पर कातिलाना हमला और बेटी को उठाकर ले जाने का मामला बेहद गंभीर है। भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण देते-देते आज जिस स्तर पर पहुंच गयी है, वहां से वापस नहीं लौट सकती क्योंकि अपराधी उनके राज खोल देंगे। सरकार से कोई उम्मीद ही न बचे, इससे बुरा और कुछ नहीं हो सकता। भाजपा पूरी तरह नाकाम सरकार है।

महिला सुरक्षा के झूठे दावे करने वाले मुख्यमंत्री…

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि महिला अपराध और साइबर क्राइम में यूपी सबसे ऊपर पहुंच गया है। इसकी जिम्मेदार भाजपा सरकार की है। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री जी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रोज पांच महिलाएं हिंसा का शिकार व हर 15 दिन में दुष्कर्म की शर्मनाक घटना हो रही है। पूरे प्रदेश में इसी तरह से हत्या, लूट बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं। सरकार झूठे विज्ञापनों से चाहे जितने दावे करे, लेकिन वह सच्चाई को छुपा नहीं सकती है। महिला सुरक्षा के झूठे दावे करने वाले मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता 2027 में सत्ता से बाहर कर देगी।

प्रदेश में तमाम तरह के पनप रहे अपराध

इस दौरान सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार की भ्रष्टाचार और लूट के कारण प्रदेश में तमाम तरह के अपराध पनप रहे हैं। जिसे पहले लोग स्थानीय अपराध समझ रहे थे, जब पहली परत खुली तो वो राज्यव्यापी निकला, फिर एक और परत खुली तो राष्ट्रव्यापी निकला और अब एशिया लेवल का क्राइम निकल रहा है। उत्तर प्रदेश में माफिया राज खत्म नहीं हुआ है बल्कि प्रमोशन पा गया है।

अरबों की काली-कमाई में ‘सत्ताधारी की भागीदारी

इतना ही नहीं अखिलेश यादव ने जानलेवा कफ सिरप की ओर इशारा कर कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा का ‘महा-माफिया राज’ है, जो लोगों के घरों में ‘बोतल-बंद’ होकर पहुंच रहा है और जानलेवा साबित हो रहा है। इस अरबों की काली-कमाई में ‘सत्ताधारी की भागीदारी’ है, इसीलिए भाजपा राज में मारी-मारी फिर रही जनता अभागी है। भाजपा अंतिम पारी का अंतिम चरण खेल रही है, उसके ओवर अब ‘ओवर’ हो गये हैं। भाजपा की पूरी टीम मैच खत्म होने से पहले ही ‘ऑल आउट’ हो रही है।

यह भी पढ़ें- कोडीन कफ सिरप पर बोले अखिलेश, प्रदेश में खूब चल रहा एक जिला, एक माफिया का काला कारोबार