UP: कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मची अफरा-तफरी, जांच शुरू

स्कूल में बम
स्कूल में बम की खोज करते डाॅग स्क्वाड।

आरयू वेब टीम। यूपी केनोएडा के कई प्राइवेट स्कूलों को ई-मेल के माध्यम से धमकी मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया है। सूचना पाकर विभिन्न थानों से पुलिस बल, फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता की टीमों को प्रभावित स्कूलों में भेजा गया है। इन विशेष टीमों द्वारा स्कूलों के परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे का पता लगाकर उसे निष्क्रिय किया जा सके।

दूसरी ओर बम की सूचना मिलते ही स्कूलों के बाहर बड़ी संख्या में अभिभावकों की भीड़ जमा हो गई है। हालांकि पुलिस ने उनसे संयम बनाए रखने की अपील की है और जांच का आश्वासन दिया है। जबकि नोएडा सेक्टर 62 फादर एंगल स्कूल में मिली बम से धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच के लिए साइबर सेल की टीम भी पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। यह टीम ई-मेल के स्रोत का पता लगाने, भेजने वाले की पहचान करने और इसके पीछे की मंशा को समझने का प्रयास कर रही है।

इस तकनीकी जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि क्या यह कोई वास्तविक खतरा है या केवल एक अफवाह फैलाने का प्रयास। पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है और किसी भी प्रकार की चूक से बचना चाहती है। इस दौरान अधिकारियों ने जनता को आश्वस्त किया है कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। जिन स्थानों पर चेकिंग की जा रही है, वहां पूर्णतः शांति व्यवस्था स्थापित है। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की कड़ी अपील की गई है।

यह भी पढ़ें- स्कूल में बम की सूचना से हड़कंप, अलर्ट मोड पर आया पुलिस-प्रशासन

वहीं पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि वे नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से तत्पर हैं और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और भी मजबूत किया जा रहा है। दरअसल ये पहली बार नहीं है जब स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके पहले भी ईमेल के जरिए नोएडा, दिल्ली समेत कई राज्यों के स्कूलों को ऐसा मेल मिला है।

यह भी पढ़ें- आतंकी हमले के बाद भी दिल्ली में कोर्ट व स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी का सिलसिला जारी