संजय राउत ने कहा, CJI के स्वागत में शिंदे की मौजूदगी गलत, अफसरों की जगह क्यों था एक पक्षकार?

संजय राउत
संजय राउत। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्य कांत के मुंबई में हालिया दौरे को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है। शिवसेना नेता संजय राउत ने इस दौरे के दौरान अपनाई गई सरकारी प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं और सीधे तौर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी को गलत बताया है। साथ ही पूछा एकनाथ शिंदे इस कानूनी लड़ाई में स्वयं एक पक्षकार हैं ऐसे में अफसरों की जगह वह व्यक्ति किसी जज का स्वागत कैसे कर सकता है।

संजय राउत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जस्टिस सूर्य कांत दो दिन पहले मुंबई पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रोटोकॉल के अनुसार सीजेआइ के स्वागत के लिए राज्य के मुख्य सचिव और प्रोटोकॉल सचिव की मौजूदगी होनी चाहिए। आमतौर पर यही व्यवस्था लागू होती है और कानून भी इसी की अनुमति देता है। संजय राउत ने सवाल उठाते हुए कहा कि इसके बावजूद एयरपोर्ट पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मौजूद थे, जो कि समझ से परे है।

शिवसेना सांसद ने अपने बयान में ये भी स्पष्ट किया कि एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के बीच असली पार्टी को लेकर कानूनी विवाद जस्टिस सूर्य कांत की बेंच के सामने लंबित है। ये मामला बीते तीन सालों से फैसले की प्रतीक्षा में है। राउत का कहना है कि एकनाथ शिंदे इस कानूनी लड़ाई में स्वयं एक पक्षकार हैं। ऐसे में, जब वही व्यक्ति किसी जज का स्वागत करता है, जिनके सामने उसी से जुड़ा मामला लंबित हो, तो ये गंभीर सवाल खड़े करता है।

यह भी पढ़ें- संजय राउत का चुनाव आयोग पर निशाना, प्रचार खत्म खेल जारी, दी खुलेआम पैसा बांटने की अनुमति

साथ ही संजय राउत ने कहा कि न्याय प्रक्रिया की निष्पक्षता बेहद संवेदनशील विषय है। उनका तर्क है कि जिस मामले में फैसला आना है, उसमें शामिल कोई भी पक्ष इस तरह से न्यायाधीश का स्वागत नहीं कर सकता। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “एक पक्ष आपका स्वागत कैसे कर सकता है? यह स्वीकार्य नहीं है।” शिवसेना नेता ने यह भी इशारा किया कि शिवसेना विवाद से जुड़ा फैसला लंबे समय से लंबित है। तीन साल बीत जाने के बाद भी निर्णय न आना, और इस बीच इस तरह की घटनाएं सामने आना, जनता के मन में सवाल पैदा करता है।

यह भी पढ़ें- भारत के चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर संजय राउत ने उठाया सवाल, पूछा किस आधार पर हो रहा दावा