लखनऊ में भीषण गर्मी का प्रकोप, 43 डिग्री पार हुआ तापमान

भीषण गर्मी
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। देश इस समय मौसम की दोहरी मार से जूझ रहा है। एक ओर जहां उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी और लू का कहर देखने को मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर देश के कई राज्यों में तेज आंधी, तूफान और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। लखनऊ में भीषण गर्मी के प्रकोप से दिन में लोग बाहर निकलने से बच रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री रहा, जो 3.5 डिग्री अधिक रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, 23 मई तक लू से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक जा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 23 मई के बीच राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ सकती है। तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है। दोपहर के समय लू जैसी स्थिति बनी रहेगी, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें- यूपी में गर्मी दिखा रही प्रचंड रूप, सोमवार से बदलेगा मौसम

वहीं शहर में नमी का स्तर 67 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जिससे उमस बढ़ गई है। हवा की रफ्तार महज छह किलो मीटर प्रति घंटा है, जो गर्मी से राहत देने में नाकाफी साबित हो रही है। इस दौरान गर्मी के साथ-साथ लखनऊ की हवा की गुणवत्ता भी चिंताजनक बनी हुई है। एयर क्वालिटी इंडेक्स 313 दर्ज किया गया है, जो ‘वेरी पुअर’ श्रेणी में आता है। ऐसे में लोगों को खासकर सुबह-शाम बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें- झुलसा देने वाली गर्मी के चलते गाजियाबाद के भी 8वीं तक के स्कूलों का बदला समय, आदेश जारी