आरयू वेब टीम। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य पीटी उषा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पीटी उषा के पति वी श्रीनिवासन का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। पारिवारिक करीबियों ने उनके निधन की पुष्टि की है। श्रीनिवासन 67 वर्ष के थे। उनके निधन से खेल और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक वी श्रीनिवासन शुक्रवार तड़के अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गए। इसके तुरंत बाद उन्हें पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचा सके और उन्हें मृत घोषित कर दिया। दरअसल वी श्रीनिवासन केंद्र सरकार के पूर्व कर्मचारी थे।
वे पीटी उषा के शानदार खेल करियर से लेकर उनके राजनीतिक सफर तक हर कदम पर उनके साथ खड़े रहे। उन्हें उषा का मजबूत संबल माना जाता था और उनकी कई पेशेवर उपलब्धियों के पीछे प्रेरक शक्ति के रूप में देखा जाता था पीटी उषा और वी श्रीनिवासन का एक पुत्र है, जिसका नाम उज्ज्वल है।
यह भी पढ़ें- पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश कलमाड़ी का निधन, 81 की उम्र में ली आखिरी सांस
पीटी उषा, जिन्हें ‘उड़नपरी’ के नाम से जाना जाता है, भारतीय खेल इतिहास की सबसे प्रेरणादायक हस्तियों में से एक हैं। ऐसे में उनके निजी जीवन में आई यह क्षति न केवल उनके लिए, बल्कि उनके चाहने वालों के लिए भी बेहद दुखद है। सोशल मीडिया पर खिलाड़ी, कोच, प्रशंसक और आम लोग लगातार उन्हें हिम्मत और संबल देने के संदेश भेज रहे हैं।




















