आरयू ब्यूरो, लखनऊ/मथुरा। यूपी में मंगलवार को चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मथुरा में एक ही परिवार के पांच लोगों ने खुदकुशी कर ली है। एक ही घर में पांच लाशें देखकर इलाके के लोग दहल गए। पूरे परिवार के आत्महत्या की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटना की जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के मुताबिक मथुरा जिले के महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव में मनीष अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहते थे। मनीष खेती का काम करते थे। उनके घर के बगल में ही उनके दो अन्य भाई भी रहते हैं। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक मनीष के घर का दरवाजा नहीं खुला और कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों को चिंता हुई। मनीष के भतीजे के अनुसार, दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उसे तोड़ना पड़ा। अंदर जाने पर मनीष (35), उनकी पत्नी सीमा (32), पांच वर्षीय बेटी हनी, चार वर्षीय प्रियांशी और दो वर्षीय बेटे पंकज के शव पड़े मिले। जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि पूरे परिवार ने सोमवार रात दूध में जहर मिलाकर पी लिया था। पुलिस का कहना है कि मौके से सबूत जुटाए जा रहे हैं। साथ ही परिजनों और ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी की मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।
यह भी पढ़ें- एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने विधानसभा के सामने की आत्मदाह की कोशिश, पुलिस पर लगाएं संगीन आरोप
वहीं मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार सिंह ने बताया कि, “आज सुबह पांच लोगों ने कमरे के अंदर आत्महत्या कर ली है। मरने वालों में पति मनीष, पत्नी सीमा और एक बेटा, दो बेटी समेत तीन बच्चे शामिल हैं। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है जिसने साक्ष्य एकत्रित किए हैं।” उन्होंने बताया कि परिवार ने जिस कमरे में आत्महत्या की उसकी दीवार पर लिखा हुआ था कि हम खुद अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहे हैं। साथ ही मृतक ने एक वीडियो भी बनाया था। एसएसपी ने कहा कि सभी साक्ष्यों को इकट्ठा कर लिया गया है। जांच में जो भी बात सामने आएगी उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।




















