DMK में शामिल हुए पूर्व मुख्‍यमंत्री पन्‍नीरसेल्वम ने कहा, स्टालिन ने चलाई अच्छी सरकार

पन्‍नीरसेल्वम
ओ. पन्‍नीरसेल्वम को डीएमके में शामिल कराते सीएम स्टालिन।

आरयू वेब टीम। तमिलनाडु में दो महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पन्‍नीरसेल्वम शुक्रवार को डीएमके में शामिल हो गए। सीएम स्टालिन की मौजूदगी में चेन्नई स्थित पार्टी हेडक्वार्टर में उन्हें सदस्यता दिलाई गई।

मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह पन्‍नीरसेल्वम और डीएमके मिनिस्टर पीके सेकरबाबू एक साथ कार से सीधे पार्टी ऑफिस ‘अन्ना अरियालम’ पहुंचे। यहां सीएम स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन समेत तमाम बड़े पार्टी लीडर मौजूद थे। डीएमके नेताओं ने जोरशोर से पन्‍नीरसेल्वम का स्वागत किया।

वहीं डीएमके में शामिल होने के बाद पन्‍नीरसेल्वम ने कहा स्टालिन ने तमिलनाडु में एक अच्छी सरकार चलाई है। यहां के लोग ये देख रहे हैं। दूसरी ओर ई. पलानीसामी हैं, जो दक्षिण के किसी भी नेता को मजबूत होते नहीं देखना चाहते। द्रविड़ आंदोलन को बचाने के लिए, द्रविड़ लोगों के हितों के लिए केवल डीएमके ही काम कर रही है। मैंने फिलहाल एक कैडर के तौर पर पार्टी में एंट्री की है। मैं कैडर के तौर पर ही पार्टी की सेवा भी करता रहूंगा।

ओ. पन्‍नीरसेल्वम 75 साल के हैं। वह तीन बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। एआइएडीएमके के ये दिग्गज नेता राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के सबसे पसंदीदा चेहरों में से एक रहे। जयललिता के निधन के बाद पार्टी में शुरू हुई गुटबाजी के चलते उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। वह साढ़े तीन साल से एआइएडीएमके से बाहर चल रहे थे।

यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट की तमिलनाडु राज्यपाल को फटकार, विधेयकों को मंजूरी न देना संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन

ऐसे में पन्‍नीरसेल्वम के पास डीएमके में जाने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं बचा था। अब अप्रैल 2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव में पन्नीरसेल्वम बोदिनायाकनुर सीट से मैदान में उतर सकते हैं। उन्होंने 2021 के चुनाव में इसी सीट से जीत हासिल की
थी।

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव में DMK को समर्थन देगी कमल हासन की MNM, पार्टी सुप्रीमो ने बताई वजह