आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया है। बाराबंकी में तेज रफ्तार बोलेरो का टायर फटने से गाड़ी काई राउंड पलटते हुए सड़क पर गिरी। हादसे में बोलेरो सवार महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने रेस्क्यू कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के मुताबिक लोनीकटरा क्षेत्र के कबूलपुर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे 20 किमी प्वाइंट पर रविवार दोपहर लखनऊ से अयोध्या के कुमारगंज जा रही बोलेरो गाड़ी का टायर अचानक फट गया। जिससे गाड़ी कई राउंड पलटते हुए नीचे आ गिरी। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को रेस्क्यू किया और आनन फानन में स्थानीय सीएचसी पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में कुल 11 लोग सवार थे। जिसमें से तीन लोगों की मौत हो गई और सात लोग गंभीर रूप से घायल हो हुए हैं, जबकि अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं हैं।
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि बोलेरो गाड़ी में कुल 11 लोग सवार थे। घायलों में चालक अजीत कुमार (निवासी सुक्खा पुरवा, थाना इनायतनगर, अयोध्या), वंश बहादुर यादव (देवीपुर), राजकुमार, निर्मला (पत्नी वंश बहादुर), श्यामकली (पत्नी करमचंद), बाबूराम, रेखा (पत्नी रंग बहादुर), शांति (पत्नी बलिराम), इंद्रपति, सियालाल (पांडेय पुरवा) और पराना (पत्नी सियालाल) शामिल हैं। घायलों को तत्काल सीएचसी गोसाईंगंज, लखनऊ भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने शांति, रेखा देवी और बाबूराम को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें- एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने बस से उतर रहे यात्रियों को कुचला, छह की मौत
लोनीकटरा पुलिस और एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के कारण कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। इंस्पेक्टर अभय कुमार मौर्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा टायर फटने के कारण हुआ है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




















